06HREG50 संशाेधित…कैंट क्षेत्र में तीन हजार से अधिक परिवारों की भूमि रजिस्ट्री न होने से बढ़ी समस्या
-टिहरी सांसद ने मुख्यमंत्री से प्रकरण निपटाने का आग्रह किया
देहरादून, 06 मई (हि.स.)। राजधानी देहरादून के कैंट क्षेत्र के विधानसभा क्षेत्र में निवास कर रहे तीन हजार से अधिक परिवारों की रजिस्ट्री उनके अपने नाम नहीं है जबकि यह लोग वर्षों वर्ष से उन आवासों में रह रहे हैं। इनमें अधिकांश लोग ऐसे हैं जो विभाजन के समय पाकिस्तान से भारत आए थे और कैंट के प्रेमनगर क्षेत्र में बसाये गए थे।
इसे दुर्भाग्य ही कहा जाएगा कि अब तक इन लोगों की जमीन इनके नाम नहीं है और सरकार कभी भी इनको इनकी जमीन से बाहर कर सकती है। अब इनमें रहने वालों को जमीन की रजिस्ट्री कराने का भरोसा टिहरी सांसद मालाराज लक्ष्मी शाह ने दिलाया है। मालाराज लक्ष्मी शाह ने मुख्यमंत्री को शनिवार को एक पत्र लिखकर मांग की है कि देहरादून की कैंट विधानसभा के प्रेमनगर क्षेत्र में लगभग तीन हजार परिवारों की जमीन को रजिस्ट्री करवाई जाए।
उन्होंने अपने पत्र में लिखा है कि देहरादून कैंट विधानसभा के प्रेमनगर क्षेत्र में लगभग तीन हजार परिवार निवास करते हैं। वर्षों से निवास करने के बाद भी अब तक मालिकाना हक नहीं मिला है। पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूडी ने प्रेमनगर में रजिस्ट्री करवाने का अध्यादेश पारित किया था, जिसके द्वारा कब्जाधारियों की जमीन रजिस्ट्री की जानी थी और जमीन की रजिस्ट्री सन 2000 के सर्किल रेट पर होनी थी। जिला पुनर्वास एवं सहायता अधिकारी ने कुछ परिवारों को आवंटन आदेश का पत्र भी जारी किया गया था जिसमें तय कीमत लाभार्थी को ट्रेजरी चालान के माध्यम से भारतीय स्टेट बैंक में जमा करने के आदेश दिए गए थे।
जिन लाभार्थियों काे आवंटन आदेश जारी हुआ था, उन सभी ने तय धनराशि डीआरआरओ में जमा करा दी थी, लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी अब तक किसी भी आवंटी की रजिस्ट्री नहीं हुई है, जिससे यहां के निवासियों को मालिकाना हक प्राप्त न होने के कारण भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि देहरादून कैंट विधानसभा के प्रेमनगर में निवास कर रहे तीन हजार परिवारों को उनकी जमीन का मालिकाना हक दिलवाने की कष्ट करें।