06HREG52 वरिष्ठ प्रवक्ता यमुना प्रसाद को मिला गढ़ गौरव सम्मान
ऋषिकेश, 06 मई (हि.स.)। श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के वरिष्ठ प्रवक्ता यमुना प्रसाद त्रिपाठी को उनके शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए गढ़ भूमि लोक संस्कृति संरक्षण समिति द्वारा गढ़ गौरव सम्मान दिया गया है। यह सम्मान त्रिपाठी के उल्लेखनीय योगदान हेतु एवं समाज के बीच शिक्षा के लिए प्रेरित करने को दिया गया।
समिति समय-समय पर अनेक प्रकार के प्रतिभाओं को सम्मानित करती है। उत्तराखंड की लोक संस्कृति ,लोक परंपरा, लोक भाषा को आगे बढ़ाने में जिन प्रतिभाओं का महत्वपूर्ण योगदान होता है ,उन्हें समय-समय पर समिति सम्मानित करती रही है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत ने सभी पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक यमुना प्रसाद त्रिपाठी जहां विद्यालय में अध्ययन अध्यापन के लिए उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं वहीं समाज में अनेक उत्कृष्ट कार्यों में योगदान देते रहते हैं। इनका सम्मान पूरे विद्यालय का गौरव है।
समिति द्वारा शिक्षक त्रिपाठी को स्मृति चिन्ह उत्तरीय भेंट करते हुए गढ़ भूमि के अध्यक्ष आसाराम व्यास ने कहा कि हमारी संस्कृति हमारी पछियांन के लिए जो लोग उत्तराखंड का मान बढ़ा रहे हैं समिति उनका सम्मान करती है ।साथ ही अध्यक्ष आसाराम व्यास ने घोषणा की कि जो छात्र छात्राएं हाई स्कूल, इंटर की परीक्षा मे सर्वोच्च अंक प्राप्त करेंगे समिति उन्हें विशेष पुरस्कार राशि से सम्मानित करेगी ।
इस अवसर पर समिति के उपाध्यक्ष घनश्याम नोटियाल, संगठन मंत्री सुरेंद्र भंडारी, महिपाल बिष्ट, विशालममणि पैन्यूली, रमाबल्लभ भट्ट, गजेंद्र कंडियाल सचिव गढ़भूमि, डा सुनील दत्त थपलियाल,लेफ्टिनेंट लखविंदर सिंह शिवप्रसाद बहुगुणा,संजीव कुमार, अजय कुमार आदि उपस्थित थे।