06HCRI8 लक्सर से पकड़ा गया उप्र का 65 हजार का मोस्ट वांटेड
हरिद्वार, 06 मई (हि.स.)। हत्या, लूट और डकैती के कई मामलों में वांछित 65 हजार के इनामी बदमाश को लक्सर जीआरपी पुलिस की मदद से उप्र पुलिस ने धर दबोचा। गिरफ्तार करने के बाद यूपी पुलिस आरोपित को अपने साथ ले गई।
अपर पुलिस अधीक्षक अरुणा भारती के निर्देश पर एक संयुक्त टीम बनाई गई, जिसमें लक्सर जीआरपी थाना प्रभारी ममता गोला और कई जीआरपी जवानों को शामिल किया गया। उप्र और उत्तराखंड पुलिस की संयुक्त टीम ने जाल बिछाकर बदमाश नंद्र उर्फ नंदराम को लक्सर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपित पर 50 हजार का इनाम उप्र पुलिस ने घोषित किया था। इसके अलावा उस पर अलग से 15 हजार का इनाम भी घोषित था। नंदू के ऊपर उत्तर प्रदेश में हत्या, लूट और डकैती के कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। इसके साथ ही उसके ऊपर लक्सर जीआरपी थाने में भी दो मुकदमे दर्ज हैं। बदमाश नंदू उर्फ नंदराम के कब्जे में पुलिस टीम ने कई हथियार भी बरामद किए हैं। आरोपीित की गिरफ्तारी करने के बाद उप्र पुलिस और एसटीएफ की टीम उसे अपने साथ उत्तर प्रदेश ले गई।
गौरतलब कि यूपी पुलिस और एसटीएफ फरार चल रहे 65,000 के इनामी बदमाश नंदू उर्फ नंदराम निवासी गांव झिंझाना जनपद शामली यूपी की तलाश में जुटी थी। लगातार उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही थी। लेकिन टीम को सफलता हाथ नहीं लगी। बदमाश की गिरफ्तारी के लिए यूपी पुलिस और एसटीएफ ने लक्सर जीआरपी थाना पुलिस से मदद मांगी थी।