06HREG42 बलिदानी रुचिन रावत का पार्थिव शरीर पहुंचा एयरपोर्ट, मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि
देहरादून, 06 मई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के राजौरी में आपरेशन त्रिनेत्र में बलिदान देने वाले लांस नायक रुचिन सिंह रावत का पार्थिव शरीर शनिवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचा। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
पुलिस प्रशासन और सेना के जवानों की मौजूदगी में शहीद को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया है। इसके बाद मुख्यमंत्री, सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, डोईवाला विधायक भूषण गैरोला ने बलिदानी जवान को श्रद्धांजलि दी। हिमाचल प्रदेश के बलिदानी पैराट्रूपर प्रमोद नेगी का पार्थिव शरीर भी आज जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर लाया गया। यहां से बलिदानी प्रमोद नेगी का पार्थिव शरीर हिमाचल भेजा जाएगा।
आपरेशन त्रिनेत्र में शुक्रवार पांच मई को बलिदान हुए लांस नायक रुचिन रावत का पार्थिव शरीर शनिवार को हवाई मार्ग से जौलीग्रांट एयरपोर्ट लाया गया। इसके बाद सड़क मार्ग से बलिदान का पार्थिव शरीर उनके मूल गांव रवाना कर दिया जाएगा। वह अपने पीछे बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी व चार वर्षीय बच्चे को छोड़ गए हैं।
चमोली जिले के गैरसैंण ब्लॉक के कुनीगाड़ मल्ली गांव निवासी नौ पैरा में कमांडो लांस नायक रुचिन सिंह रावत शुक्रवार को आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच हुए मुठभेड़ में बलिदान हो गए थे। रुचिन रावत अपने पीछे दादा-दादी, माता-पिता, पत्नी और एक चार वर्ष के बेटे को छोड़ गए हैं। रुचिन की पत्नी और बेटा उनके साथ जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में ही रहते हैं। उनके बलिदान की सूचना पर गांव में मातम छाया हुआ है।