17HREG456 सांसें हो रहीं कम, आओ पेड़ लगाएं हम : प्रवीण चन्द्र झा
हरिद्वार, 17 जुलाई (हि.स.)। भारत सरकार के नवरत्न प्रतिष्ठान बीएचपीएल में हरेला पर्व पर हरित बीएचईएल पहल के अंतर्गत बीएचईएल परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम हुआ। बीएचईएल
हरिद्वार के कार्यपालक निदेशक प्रवीण चन्द्र झा के नेतृत्व में मैटेरियल गेट के सामने विस्तृत भूखंड पर विभिन्न प्रजातियों के पेड़ लगाए गए। सोसाइटी फॉर कंजर्वेशन ऑफ वाइल्डलाइफ़ (एससीडब्ल्यू) और पैंजिया इको नेट एसेट्स प्राइवेट लिमिटेड (ग्रो ट्रीज) के सहयोग से यह पौधरोपण कार्यक्रम किया गया ।
इस अवसर पर अपने सम्बोधन में प्रवीण चन्द्र झा ने ‘वृक्ष लगाओ, जीवन बचाओ’, जहां हरियाली, वहां खुशहाली। ‘सांसें हो रहीं कम, आओ पेड़ लगाएं हम’ आदि पंक्तियों के द्वारा लोगों को अधिक से अधिक पौधरोपण के लिए प्रेरित किया । पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझाते हुए उन्होंने सभी से इस कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की ।
गौरतलब है कि ‘हरित बीएचईएल’ पहल के अंतर्गत 15,000 पेड़ लगाने तथा 3 एकड़ भूमि पर मियावाकी वन विकसित करने एवं 58 एकड़ जमीन को वन भूमि में परिवर्तित करने का लक्ष्य रखा गया है ।
इस अवसर पर जिला वन अधिकारी नीरज शर्मा, महाप्रबंधक (प्रभारी) सीएफएफपी वी. के. रायजादा, वरिष्ठ कमांडेंट (सीआईएसएफ) सत्य देव आर्य, ग्रो ट्रीज के प्रतिनिधि विवेक अरोरा, अनेक महाप्रबंधक, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा यूनियन एवं फेडरेशन के प्रतिनिधि आदि उपस्थित थे।