17HREG351 नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार में संलिप्त एक डॉक्टर सहित तीन गिरफ्तार
हरिद्वार,17 अप्रैल (हि.स.)। नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार में लगे एक डॉक्टर सहित उसके दो शागिर्दों को हरिद्वार पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उक्त डॉक्टर एक अस्पताल के संचालन की आड़ में नशे का कारोबार चला रहा था।
पुलिस कप्तान के पीआरओ विपिन पाठक ने बताया कि जनवरी 23 में नशीली दवाइंयां सप्लाई प्रकरण में थाना भगवानपुर में दर्ज कराए गए एक मुकदमे में गिरफ्तार मोहम्मद वसीम अकरम निवासी रामपुर डांडी थाना गंगनहर से की गई पूछताछ एवं विवेचना के आधार पर तमाम सुबूतों के अन्वेषण उपरांत पुलिस टीम ने नशीली दवाओं की सप्लाई में भागीदार बी.ए.एम.एस. डिग्री धारी डॉ. शाहिद व उसके 02 शागिर्दों साजिद व भूरा हसन उर्फ रिहान को हिरासत में लिया।
आरोपित डॉ. शाहिद ने अलग अलग किश्तों में रकम अपने खाते में मंगवाकर अपने दो कर्मचारियों साजिद व भूरा के माध्यम से आरोपित मोहम्मद वसीम अकरम को नशीली दवाओं की बड़ी खेप पहुंचाई थी। मदरहुड युनिवर्सिटी से डी फार्मा की डिग्री ले चुका वसीम अकरम हिंद मेडिकल स्टोर का संचालन कर रहा था। मेडिकल शॉप पर काम करने के दौरान ही वसीम की मुलाकात नशीली दवाओं के सप्लायर डॉ. शाहिद व उसके दो शागिर्दों साजिद व भूरा हसन से हुई थी। गौरतलब है कि डॉक्टर शाहिद की पत्नी वर्तमान में फिलीपींस से एमबीबीएस का कोर्स कर रही है। जबकि डॉक्टर शाहिद नवजीवन अस्पताल की आड़ में नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार में लगा हुआ था
पुलिस ने नशीली दवाओं के अवैध कारोबार में संलिप्त डॉ. शाहिद पुत्र शराफत निवासी सुल्तानपुर थाना लक्सर जनपद हरिद्वार, साजिद निवासी सदरुद्दीन नगर थाना नहटोर जिला बिजनौर उप्र और भूरा हसन उर्फ रिहान पुत्र मंगताहसन निवासी ग्राम सुल्तानपुर थाना लक्सर जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार किया है।