इंदौरः मंत्री सिलावट ने पुलिस अधिकारियों को दिए अपराधों को नियंत्रित करने के निर्देश

07HREG2 इंदौरः मंत्री सिलावट ने पुलिस अधिकारियों को दिए अपराधों को नियंत्रित करने के निर्देश

इंदौर, 6 मार्च (हि.स.)। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने सोमवार को रेसीडेंसी कोठी पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में मंत्री सिलावट ने निर्देश दिए कि इंदौर में हो रहे अपराधों विशेष कर महिलाओं और बच्चों के विरूद्ध हो रही घटनाओं को तुरंत नियंत्रित किया जाए। बच्चों को ड्रग माफियाओं द्वारा नशे की लत में लिप्त होने से रोका जाए। इसके साथ ही आगामी त्यौहार होली व रंगपंचमी एवं अन्य त्योहारों को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध भी रखे जाए।

बैठक में पुलिस आयुक्त हरिनारायण चारी मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मनीष कपूरिया सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद थे। बैठक में मंत्री सिलावट ने इंदौर में पिछले दिनों हुयी घटनाओं पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि यह घटनाएं बेहद दुखद है। हमें पुरजोर प्रयास करना चाहिए कि इस तरह की घटनाएं पुन: नहीं हो। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि घटनाओं पर तुरंत अंकुश लगाया जाना अत्यंत जरूरी है।

सिलावट ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों जैसे गार्डन, मोर्निंग वॉक स्थल, मंदिर, ,सराफा, राजवाडा, पलासिया आदि प्रमुख स्थलों पर पुलिस बल सिविल में तैनात रहें। ड्रग माफियाओं पर कार्यवाही की जाये ताकि बच्चों को नशे की लत से बचाया जा सके। होली, रंगपंचमी और आगामी अन्य त्यौहारों पर विशेष व्यवस्था की जाये। जिस क्षेत्र में घटनाएं होंगी, उस क्षेत्र के अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जायेगी। उन्होंने कहा कि आवश्यक होगा तो पुलिस बल बढ़ाने और संसाधन बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री जी तथा गृह एवं प्रभारी मंत्री से भी चर्चा की जायेगी।