रतलाम: धुलेण्डी 8 को तथा रंगपंचमी का त्यौहार 12 मार्च को

06HREG218 रतलाम: धुलेण्डी 8 को तथा रंगपंचमी का त्यौहार 12 मार्च को

रतलाम, 6 मार्च (हि.स.)। जिले में कुछ स्थानों पर होली दहन मंगलवार को संपन्न हुआ, जबकि कई स्थानों पर 7 मार्च को भी होलिका दहन होगा। धुलेेण्डी का त्यौहार 8 मार्च को मनाया जा रहा है। प्रशासन ने कानून व्यवस्था की दृष्टि से कार्यपालिक दंडाधिकारी तथा पुलिस सुरक्षा का व्यापक प्रबंध किया है। होली को लेकर बाजार में रंग-गुलालों व पिचकारियों से सजी दुकानें ग्राहकों को आकर्षित कर रही है।

प्रशासनिक सूचना के अनुसार धुलेण्डी का त्यौहार 8 मार्च को तथा रंगपंचमी 12 मार्च को मनाई जाएगी। इन दोनों दिवसों को शुष्क दिवस घोषित किया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा आबकारी अधिनियम में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए शुष्क दिवस पर जिले की सभी देशी, विदेशी मदिरा दुकान, वायनरी, वाइन आउटलेट, होटल बार तथा देशी-विदेशी मध्य भांडागार शाम 5 बजे तक बंद रखे जाएंगे।

धूलेंडी त्यौहार पर कार्यपालिक दंडाधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई

कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा 7 मार्च होलिका दहन एवं 8 मार्च धूलंडी त्यौहार के दृष्टिगत शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीएम संजीव पांडे को संपूर्ण रतलाम शहर की कानून व्यवस्था का प्रभारी नियुक्त किया है। उनकी सहायता के लिए कार्यपालिक दंडाधिकारी नियुक्त किए गए हैं जो 7 मार्च की शाम 6 बजे से होलिका दहन कार्यक्रम समाप्ति तक तथा 8 मार्च को प्रात: 8 से कार्यक्रम समाप्ति तक तैनात रहेंगे।

जारी किए गए आदेश के अनुसार तहसीलदार गोपाल सोनी, राजस्व निरीक्षक तरुण रघुवंशी, पटवारी तेजवीर चौधरी, पुलिस थाना स्टेशन रोड क्षेत्र में ड्यूटी करेंगे। इसी प्रकार तहसीलदार अनीता चोकोटिया, पटवारी शिखा चतुर्वेदी, पटवारी मांगीलाल खराड़ी, पुलिस थाना माणकचौक क्षेत्र में ड्यूटी करेंगे। नायब तहसीलदार कुलभूषण शर्मा, राजस्व निरीक्षक मेहरबान सिंह मालवीय, पटवारी लक्ष्मी नारायण पुलिस थाना औद्योगिक क्षेत्र में ड्यूटी करेंगे। नायब तहसीलदार मनोज चौहान, राजस्व निरीक्षक तिवारी, पटवारी अर्जुन गौड़ पुलिस थाना दीनदयाल नगर क्षेत्र में ड्यूटी करेंगे।

पुलिस का शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण

होलिका दहन, रंग पंचमी,शब ए बारात आदि त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस महानिरीक्षक/उपमहानिरीक्षक रतलाम रेंज सुशांत कुमार सक्सेना ,पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी एवं अति.पुलिस अधीक्षक सुनील पाटीदार, नगर पुलिस अधीक्षक हेमन्त चौहान, डीएसपी ट्राफिक एवं शहर के थाना प्रभारियों व पुलिस बल के साथ शहर के संवैदनशील क्षैत्रो में भ्रमण किया गया तथा संवेदनशील स्थानो पर सीसीटीवी कैमरे एवं रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था, आयोजको से चर्चा कर वालिंटियर्स लगाने हेतु एवं फिक्स प्वाईंट, पैट्रोलिंग में लगे बल को ब्रीफिंग करने के संबंध में निर्देशित किया।