ग्रामीण संस्कृति और महिलाओं के जीवन से संबंधित पेंटिंग्स बनाना सराहनीय प्रयास है : राज्यपाल

04HREG201 ग्रामीण संस्कृति और महिलाओं के जीवन से संबंधित पेंटिंग्स बनाना सराहनीय प्रयास है : राज्यपाल

देहरादून, 04 मार्च (हि.स.)। राज्यपाल ने कहा कि राज्य की ग्रामीण संस्कृति, सामाजिक जीवन व पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं के जीवन से संबंधित पेंटिंग्स बनाना सराहनीय प्रयास है। इन सब को ग्लोबल प्लेटफॉर्म पर ले जाकर उनका दुनिया से परिचय कराना चाहिए। इस मौके पर प्रथम महिला गुरमीत कौर भी उपस्थित रहीं।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने वसंतोत्सव-2023 के दूसरे दिन शनिवार को राजभवन में लगी आर्ट गैलरी का अवलोकन के मौके पर यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से कई चित्रकारों की उत्तराखंड से संबंधित पेंटिंग्स खरीदकर उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने वसंतोत्सव में लगे औद्यानिक गतिविधियों से जुड़े गैर सरकारी संस्थाओं/स्वयं सहायता समूहों/स्थानीय उत्पादक संगठनों के लगाये गये स्टॉलों का भ्रमण भी किया और जानकारी प्राप्त की। वसंतोत्सव के दौरान आज विशेषज्ञों ने किसानों को जानकारियां उपलब्ध करायीं।

वसंतोत्सव के अवसर पर इस तीन दिवसीय आर्ट गैलरी में उत्तराखंड के चित्रकारों में मुख्य रूप से युवा ने उत्तराखंड के ग्रामीण जीवन, महिलाओं, लोक परंपराओं तथा संस्कृति से संबंधित पेंटिंग्स, फोटोग्राफी, स्केच आर्ट के फोटोग्राफ्स लगाए थे। उन्होंने सभी चित्रकारों और फोटोग्राफरों से बातचीत की और उनकी बेहतरीन कलाकारी व पेंटिंग्स के लिए उत्साहवर्धन किया।

पुष्प उत्पादकों और पुष्प क्रेताओं के मध्य सीधे सामन्जस्य स्थापित करने को उत्तराखंड औद्यानिक बोर्ड ने क्रेता-विक्रेता सभा का आयोजन किया। वसंतोत्सव के दूसरे दिन आज लोगों में काफी उत्साह दिखा और इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग वसंतोत्सव को देखने पहुंचे।