04HREG240 कुलपति ने अखिल भारतीय प्रतियोगिता के पदक विजेताओं को किया पुरस्कृत
नैनीताल, 04 मार्च (हि.स.)। कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति ने अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय क्वान कीड़ो में महिला-पुरुष प्रतियोगिता के पदक विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उन्हें ट्रैक सूट भेंट किए।
गत 22 से 25 फरवरी तक चंडीगढ़ विश्वविद्यालय के मोहाली में हुई इस प्रतियोगिता में कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर की साक्षी बिष्ट ने स्वर्ण पदक, कुंदन बिष्ट ने कांस्य तथा भारती परगाई ने कांस्य पदक जीता है।
इसके साथ ही कुलपति प्रो.एनके जोशी ने विज्ञान दिवस पर आयोजित ‘ग्लोबल साइंस फोर ग्लोबल वेल बीग’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली 22 शोध छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं प्रतियोगिता में प्रथम रहीं वसुंधरा लोधियाल, द्वितीय रहे शाहबाज अली एवं कविता जोशी तथा तृतीय रहीं खुशबू दसौनी को पुरस्कार भेंट किए। निर्णायक की भूमिका में रहे प्रो अनिल बिष्ट एवं डॉ. रिचा गिनवाल को भी प्रतीक चिन्ह दिये गये। कुलपति ने कहा कि खेलो में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर खिलाड़ियों ने विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है।
इस अवसर पर शोध निदेशक प्रो. ललित तिवारी, डीएसडब्लू प्रो. एलएस लोधियाल, प्रो. नीता बोरा शर्मा, प्रो, सुषमा टम्टा, प्रो नीलू लोधियाल, क्रीडा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार, प्रो. चित्रा पांडे, प्रो. गीता तिवारी व इंद्र रौतेला आदि लोग उपस्थित रहे।