पंचायतों में भ्रष्टाचार की शिकायत पर होगी एफआईआर : सतपाल महाराज

04HREG292 पंचायतों में भ्रष्टाचार की शिकायत पर होगी एफआईआर : सतपाल महाराज

-पानी की किल्लत न हो इसके लिए अभी से करें तैयारी

देहरादून, 04 मार्च (हि.स.)। पंचायती राज मंत्री ने कहा कि पंचायतों में किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार को सरकार बर्दाश्त नहीं करेगी। शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।

शनिवार को निदेशालय पंचायतीराज में विभागीय मंत्री सतपाल महाराज ने वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों के साथ विभागीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने पंचायतों में निर्मित किये जा रहे पंचायत भवनों में बिजली, पानी, इंटरनेट कनेक्टिविटी एवं इंडियन के साथ-साथ पश्चिमी शैली में शौचालय निर्मित करने के निर्देश दिए। साथ ही ऐसी तकनीक विकसित करने कहा है, जिससे निदेशालय स्तर के अधिकारी समस्त ग्राम पंचायतों से संपर्क स्थापित कर सकें।

मंत्री महाराज ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायतों में किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार को सहन नहीं की जाएगी। जिन भी स्थानों में भ्रष्टाचार की शिकायत मिलती है तो संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना उनकी अनुमति के पंचायतीराज विभाग एवं ग्राम्य विकास विभाग का फंग्शनल मर्जर नहीं किया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि विभाग में किसी भी कर्मचारी के पास कोई पटल 03 वर्ष से अधिक समय तक नहीं रखा जाएगा। जिला अधिकारियों व कर्मचारियों पर दोहरा चार्ज हो तो वह भी उनके संज्ञान में लाया जाये। उन्होंने जनपदों में तैनात डाटा एण्ट्री ऑपरेटर,ब्लॉक को आर्डिनेटर आदि पद जिनमें ऑउटसोर्स के माध्यम से कर्मचारी तैनात है के मानदेय के संबंध में सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

पंचायत मंत्री ने कहा कि वर्तमान में अन्य विभागों में धारा 27 के अन्तर्गत स्थानान्तरण की कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में पंचायतीराज विभाग से शीघ्र प्रस्ताव शासन को प्रेषित किया जाये। उन्होंने अधिकारियों को सचेत करते हुए कहा कि इस साल वर्षा कम होने के फलस्वरूप ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की भारी किल्लत होने की संभावना है। इसलिए इससे निपटने के लिए समस्त जनपदों के अधिकारियों को सचेत रहने और पानी की कमी से निपटने के लिए जल जीवन मिशन के अधिकारियों के साथ बैठक करने को कहा।

पंचायत मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आय के स्रोत बढ़ाये जाने के लिए ऐसे धार्मिक स्थलों जहां पर पर्यटकों की आवाजाही ज्यादा रहती है वहां पर होम स्टे का निर्माण किया जाना चाहिए।

बैठक में पंचायतीराज विभाग के अपर सचिव ओमकार सिंह,संयुक्त सचिव डीएस राणा,निदेशक आनन्द स्वरूप,संयुक्त निदेशक राजीव कुमार नाथ त्रिपाठी,उप निदेशक मनोज कुमार तिवारी व अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।