02HCRI28 नशे में धुत चौकी प्रभारी पर घर में घुसकर अभद्रता का आरोप
झांसी,02 मार्च (हि.स.)। कोतवाली क्षेत्र के एक चौकी प्रभारी पर नशे में धुत होकर घर में घुसकर महिलाओं से अभद्रता करने तथा एक युवक को बिना किसी कारण ले जाकर मारने पीटने का आरोप लगा है। इसकी शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से गुरुवार को की गई।
पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत का है। जहां पंचकुइयां में रहने वाले अधिवक्ता शेर खान ने एसएसपी को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि बुधवार की रात लगभग डेढ़ बजे कोतवाली थाने की खंडेराव गेट चौकी के इंचार्ज, एक महिला सिपाही सहित तीन सिपाहियों के साथ उसके घर पर आए और दरवाजे पर लाते मारते हुए घर में घुस गए।
शेर खान के अनुसार चौकी प्रभारी नशे में धुत था। घर में घुसने के बाद चौकी प्रभारी द्वारा उसके भाई रियाज के बारे में पूछा गया। जब उसने तथा उसकी बहनों ने कारण पूछा, तो चौकी प्रभारी ने उसकी बहनों से अभद्रता करते हुए उनके मोबाइल छीन लिए तथा सभी को थाने में ले जाकर बंद करने की धमकी दी। इसके बाद चौकी प्रभारी द्वारा कमरे में घुसकर रियाज को गिरेबान पकड़कर ले जाया गया और थाने में पीटा गया। उसके परिवार वालों द्वारा बार-बार पूछने के बाद भी कोई कारण नहीं बताया गया।
अधिवक्ता शेर खान के अनुसार उन्होंने प्रभारी निरीक्षक से बात की। इसके बाद उसके भाई को छोड़ा गया। प्रार्थना पत्र में उसने बताया कि चौकी प्रभारी के इस कृत्य से उसका पूरा परिवार भयभीत है। प्रार्थना पत्र में उसने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करा कर दोषी चौकी प्रभारी तथा सिपाहियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।