02HREG127 खाद्य मंत्रियों के सम्मेलन में रेखा आर्य ने किया प्रतिभाग
देहरादून, 02 मार्च (हि.स.)। प्रदेश की खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रेखा आर्या ने केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल की अध्यक्षता में राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के खाद्य मंत्रियों के सम्मेलन में सहभागिता की। यह सम्मेलन नई दिल्ली के वाणिज्य भवन में किया गया है।
सम्मेलन में राज्यों ने अपने राज्य की बेस्ट प्रैक्टिसेज पर प्रस्तुति दी है। कर्नाटक ने जहां मोटे अनाज की ख़रीद , उत्तर प्रदेश ने खाद्यान्न खरीद और आंध्र प्रदेश ने कमांड कंट्रोल सेंटर पर प्रस्तुति दी है। भारत सरकार ने स्मार्ट पीडीएस और ‘वन नेशन वन राशन कार्ड’ पर प्रस्तुति दी।
खाद्य मंत्री रेखा आर्या ने राज्य में खाद्य विभाग की चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार से वन नेशन, वन राशन कार्ड का लाभ राज्य को मिल रहा है। साथ ही बताया कि किस प्रकार से अपात्र को ना और पात्र को हां चलाई गई मुहिम से पात्र लाभार्थियों को लाभ पहुंचा है। इसके साथ ही राज्य में अन्त्योदय परिवारों को तीन गैस रिफिल की सुविधा वर्ष में दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर होने वाले सम्मेलन में भाग लेना राज्यों के लिए उपयोगी होता है, जिससे राज्यों को अन्य राज्यों में होने वाले अच्छे कार्यों की जानकारी होती है। साथ ही भारत सरकार द्वारा भविष्य में किए जाने वाले कार्यों के संबंध में दिशा निर्देश की जानकारी प्राप्त होती है। इस अवसर पर समस्त राज्यों के विभागीय मंत्रीगण,सचिव और अधिकारी उपस्थित थे।