मप्रः निवास नगर परिषद के सीएमओ और कर्मचारी 50 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

01HREG276 मप्रः निवास नगर परिषद के सीएमओ और कर्मचारी 50 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

मंडला, 1 मार्च (हि.स.)। जबलपुर लोकायुक्त पुलिस ने बुधवार को मंडला जिले की निवास नगर परिषद में पदस्थ प्रभारी सीएमओ विकेश कुम्हरे और एक कर्मचारी संदीप दुबे को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथों गिरफ्तार किया है। बताया गया है कि बोरवेल खनन का भुगतान कराने के एवज में उक्त रिश्वत की मांग की गई थी, जिसकी शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने उक्त कार्रवाई को अंजाम दिया।

जानकारी के अनुसार, जगमोहन सिंह शंकर ने जबलपुर लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत करते हुए बताया था कि उन्होंने निवास नगर परिषद क्षेत्र में वर्ष 2022 में तीन बोरवेल का खनन कराया गया था, जिसका भुगतान एक लाख 97 हजार 296 रुपये होना था। पहले एक लाख की हुई डिमांड, लेकिन बाद में 50 हजार रुपये में डील पक्की हुई है। इस भुगतान के लिए सीएमओ विकेश कुम्हरे द्वारा पैसों की मांग दैनिक वेतनभोगी कर्मी संदीप दुबे के माध्यम से की गई थी। पैसों की मांग से परेशान होकर जगमोहन ने लोकायुक्त से इसकी शिकायत की थी। इसके बाद बुधवार लोकायुक्त की आठ सदस्यीय टीम ने ने ट्रेप करते हुए सीएमओ द्वारा कहे जाने पर संदीप दुबे को 50 हजार रुपये नकद रिश्वत लेते पकड़ा। वहीं कार्यवाही के बाद से ही नगर परिषद में पदस्थ कई कर्मी गायब हो गये हैं। लोकायुक्त डीएसपी दिलीप झरबडे ने बताया कि दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कियाग या है और फिलहाल आगे की कार्रवाई जारी है।