01HREG309 अग्नि को साक्षी मान सात फेरे लिए, 175 युगल जोड़े एक-दूसरे के हुए
मीरजापुर, 01 मार्च (हि.स.)। लालगंज तहसील अंतर्गत विकास खंड लालगंज मुख्यालय के सामने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन बुधवार को किया गया। 175 युगल जोड़ों ने अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लगाकर एक-दूसरे के हुए।
मुख्य विकास अधिकारी लक्ष्मी बीएस ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने वर-वधू को आशीर्वाद प्रदान करते हुए भविष्य में आगे बढ़ने की बात कही।
विशिष्ट अतिथि अपना दल (एस) के जिलाध्यक्ष राम लोटन बिंद ने कहा कि प्रदेश सरकार की योजनाएं लोक कल्याणकारी हैं। मुख्यमंत्री विवाह समारोह गरीबों के सपने साकार करने के माध्यम है। कहा कि लगातार ऐसी योजनाओं के माध्यम से गरीबों के विकास के लिए सरकार प्रयासरत है। प्रदेश सरकार गरीबों की हितेषी है।
जिला पंचायत सदस्य विष्णु प्रसाद सिंह ने कहा कि प्रत्येक गांव से पात्र लाभार्थी का चयन कर उनके सपनों को धरातल पर उतारने का काम मुख्यमंत्री विवाह समारोह में हुआ है। यह कार्य रचनात्मक है। उप जिलाधिकारी भरतलाल सरोज ने कहा कि सरकार की योजना पात्र लाभार्थियों के लिए संचालित की गई है। इस योजना से लालगंज व छानबे विकास खंड के गरीबों का विवाह हुआ।
खंड विकास अधिकारी संजय श्रीवास्तव ने बताया कि दो विकास खंडों के लाभार्थी शामिल हुए। वर-बधुओं को गृहस्ती का सामान दिया गया और भविष्य में आगे बढ़ने की कामना की गई है। कार्यक्रम का संचालन जयप्रकाश उपाध्याय ने किया।