शिक्षक एमएलसी : 14 टेबल पर भारी सुरक्षा के बीच मतगणना जारी

02HELE2 शिक्षक एमएलसी : 14 टेबल पर भारी सुरक्षा के बीच मतगणना जारी

– प्रत्याशियों के भाग्य का आएगा फैसला

– छावनी में तब्दील हुआ बीकेडी, चप्पे-चप्पे पर है पुलिस की नजर

झांसी, 02 फरवरी (हि.स.)। शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना गुरुवार की सुबह आठ से बुंदेलखंड महाविद्यालय में जारी है। सहायक रिटर्निंग ऑफिसर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के निर्देशानुसार बुंदेलखंड महाविद्यालय के कोठारी हॉल में झांसी-इलाहाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन की मतगणना को लेकर सभी अधिकारी व मतगणना कर्मी समय से पहुंचे गए थे। मतगणना स्थल पर सुरक्षा के भारी इंतजाम किए गए हैं।

प्रयागराज-झांसी खण्ड शिक्षक निर्वाचन 2023 के लिए भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गुरुवार को सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो गए। सभी 10 प्रत्याशियों के गणना एजेंट पहले से ही उपस्थित हो चुके थे। इसके अलावा सहायक रिटर्निंग ऑफिसर के निर्देशानुसार सभी मतगणना कर्मी सुबह छह बजे से ही उपस्थित होना शुरू हो गए थे। सभी 14 टेबल पर सर्वप्रथम मतपेटिकाएं लाई गई। पेटिकाओं की सील गणना एजेंट को दिखाकर सर्टिफिकेट पर हस्ताक्षर लिए गए। इसके उपरांत मत पेटिकाओं से मतपत्र निकलाकर उनकी संख्या की गणना की जा रही है। मतगणना की निष्पक्षता के लिए गणना एजेंट को मतपेटिका में कोई भी मतपत्र अवशेष नहीं हैं, यह भी दिखाया गया। मतपत्र की संख्या का फॉर्म 16 से मिलान कर उसके बंडल बनाकर उसे रिटर्निंग ऑफिसर टेबल पर भेजा जा रहा था।

उल्लेखनीय है कि सभी 10 जिलों के 141 बूथों पर 34495 मतदाताओं को 10 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करना था। इनमें से कुल 26169 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह से यहां हुआ मतदान 75.863 प्रतिशत रहा था। आज मतगणना के बाद पेटियों में बंद सभी प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा।