महाराज ने ‘नंदा गौरा देवी कन्या धन योजना’ की आवेदन तिथि बढ़ाने के दिए निर्देश

31HREG353 महाराज ने ‘नंदा गौरा देवी कन्या धन योजना’ की आवेदन तिथि बढ़ाने के दिए निर्देश

देहरादून, 31 जनवरी (हि.स.)। पंचायती राज मंत्री ने महिला सशक्तिकरण और बाल विकास विभाग के सचिव को ‘नंदा गौरा देवी कन्या धन योजना’ की आवेदन तिथि को 01 माह की अवधि तक बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

मंत्री सतपाल महाराज ने महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास सचिव, हरिश्चंद्र सेमवाल को ‘नंदा गौरा देवी कन्या धन योजना’ आवेदन की तिथि एक माह और बढ़ाने के निर्देश देते कहा कि पंचायतों में काम की गति को बढ़ाया जाए ताकि सतत विकास लक्ष्यों को समय पर हासिल किया जा सके। ग्राम पंचायत विकास अधिकारी एवं ग्राम विकास अधिकारी के फंक्शनल मर्जर के शासनादेश को स्थगित किए जाने पर मुख्यमंत्री धामी का आभार व्यक्त किया। मंत्री ने पंचायत कर्मियों से कहा कि हड़ताल से हुए नुकसान की भरपाई जरूरी है। इसलिए वह मुस्तैदी के साथ काम को पूरा करें।

गौरतलब है कि फंक्शनल मर्जर को लेकर ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों के हड़ताल पर जाने के कारण ‘नंदा गौरा देवी कन्या धन योजना’ के लिए आवेदन करने वाले आवेदकों के कई आवश्यक दस्तावेज जो पंचायत विभाग के माध्यम से बनाए जाते हैं, उनके न बनने से वह आवेदन नहीं कर पा रहे थे। अब चूंकि पंचायत मंत्री महाराज के दखल के बाद ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों ने अपनी हड़ताल वापस ले ली है। इसलिए मंत्री ने ‘नंदा गौरा देवी कन्या धन योजना’ के आवेदन की अंतिम तिथि को 31 जनवरी से एक माह के लिए अतिरिक्त बढ़ा दिया गया है।