हर्षित को सितार वादन में मिला ‘गंधर्व भूषण अवार्ड’

30HREG225 हर्षित को सितार वादन में मिला ‘गंधर्व भूषण अवार्ड’

नैनीताल, 30 जनवरी (हि.स.)। सरोवर नगरी नैनीताल निवासी और लेक्स इंटरनेशनल स्कूल भीमताल के कक्षा नौ के छात्र हर्षित ने सितार में प्रथम स्थान लेकर ‘गंधर्व भूषण अवार्ड’ प्राप्त किया है। हर्षित ने यह अवार्ड भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय और झंकृति भाव इंटरनेशनल आश्रम बेंगलुरु की आयोजित प्रतियोगिता में 5576 प्रतिभागियों के बीच उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्राप्त किया।

उन्हें यह पुरस्कार प्रख्यात संगीत विद्वान पंडित साजन मिश्रा, संगीत सम्राट, रवि करण, देवाशीष भट्टाचार्य, एवं आर्ट ऑफ लिविंग के श्रीश्री रविशंकर द्वारा प्रदान किया गया। बताया गया है कि उत्तराखंड से सभी शास्त्रीय विधाओं में एकमात्र हर्षित ही इस प्रतियोगिता में चयनित हुए थे।

बताया गया है कि हर्षित लखनऊ घराने से संगीत की विधिवत शिक्षा अपने सितार वादक पिता अमृत कुमार तथा दादा सुरेश कुमार से ले रहे हैं। हर्षित के परदादा पंडित (स्वर्गीय) देवी राम आर्य भी प्रख्यात सितार वादक रहे हैं। वह सीसीआरटी नई दिल्ली से छात्रवृत्ति भी प्राप्त कर रहे हैं।

हर्षित विगत वर्ष बाल प्रतिभा सम्मान व धात सुनो चैनल द्वारा बाल प्रतिभा सम्मान सहित कई पुरस्कार प्राप्त कर चुके हैं। उनकी इस उपलब्धि पर लेक्स इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक-प्रधानाचार्य एसएस नेगी व शिक्षकों के साथ माया चनियाना, रविकांत राजू, अनिल घिल्डियाल, जहूर आलम, अमन महाजन, दिनेश कटियार आदि ने उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।