महात्मा गांधी की 75वीं पुण्यतिथि पर कांग्रेस ने बापू को नमन किया, श्रद्धांजलि दी

30HREG64 महात्मा गांधी की 75वीं पुण्यतिथि पर कांग्रेस ने बापू को नमन किया, श्रद्धांजलि दी

– भारत जोड़ो यात्रा के समापन पर टाउनहाल गांधी पार्क में झंडारोहण

वाराणसी, 30 जनवरी (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 75वीं पुण्यतिथि पर सोमवार को कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने टाउनहाल गांधी पार्क में स्थित उनकी प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। पार्टी के भारत जोड़ो यात्रा के समापन पर झंडारोहण भी किया गया।

श्रद्धांजलि सभा में शामिल पार्टी के प्रदेश प्रांतीय अध्यक्ष प्रयागराज जोन, पूर्व मंत्री अजय राय ने कहा कि बापू की आज पुण्यतिथि है। गांधीजी के व्यक्तित्व व योगदान को शब्दों में समेटना मुश्किल है। महात्मा गांधी सदैव सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते थे। उन्होंने देश को अंग्रेजों की गुलामी से आजाद कराने के लिए सत्य और अहिंसा को अपनाया और जीत हासिल की। ‘अहिंसा परमो धर्म:’ का उनका संदेश पुरी दुनिया में मशहूर है। भारत ही नहीं विदेशों तक लोग किसी आंदोलन या प्रदर्शन के लिए अंहिसा के मार्ग को अपनाते हैं।

अजय राय ने कहा कि बापू के संदेश को आत्मसात कर राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक पैदल यात्रा कर भारत जोड़ो यात्रा के रुप में भारत को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को अभूतपूर्व ऐतिहासिक सफलता मिली। राष्ट्रीय एकता अखण्डता शांति सदभाव प्रेम भाईचारा का प्रतीक रहा भारत जोड़ो यात्रा। आज़ादी के बाद साल 1948 में पं. जवाहर लाल नेहरु ने लाल चौक से तिरंगा लहराकर देश को दिया था एकता और भाईचारे का संदेश। राहुल गांधी ने इतिहास दोहराते हुए उसी परंपरा को निभाया, लाल चौक पर तिरंगा फहराया और देश में नफरती माहौल के बीच एकता का संदेश दिया।

सभा में जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, दुर्गा प्रसाद गुप्ता, संजीव सिंह, फ़साहत हुसैन बाबू, डॉ राजेश गुप्ता, अशोक सिंह, मनोज दुबे, साजिद अंसारी, पंकज चौबे, विजय शंकर पाण्डेय, मनीष मोरोलिया, अफजाल अंसारी, तुफैल अंसारी, हसन मेंहदी कब्बन आदि उपस्थित रहे।