शिक्षक समाज का विकास और विश्वास दोनों भाजपा टूटने नहीं देगी : सिद्धार्थ नाथ सिंह

28HREG312 शिक्षक समाज का विकास और विश्वास दोनों भाजपा टूटने नहीं देगी : सिद्धार्थ नाथ सिंह

भाजपा शिक्षा और शिक्षकों के सर्वांगीण विकास पर कोई कसर नहीं छोड़ेगी : महेश चंद्र श्रीवास्तव

प्रयागराज, 28 जनवरी (हि.स.)। आगामी विधान परिषद इलाहाबाद झांसी शिक्षक एमएलसी चुनाव के भाजपा उम्मीदवार डॉ बाबूलाल तिवारी के समर्थन में केपी इंटर कॉलेज केपी ट्रस्ट एवं कायस्थ पाठशाला के प्रबंधक प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों का सम्मेलन केपी इंटर कॉलेज में किया गया। पूर्व कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि शिक्षकों के लिए पंचम वेतन आयोग की संस्तुति केंद्र के समान भाजपा ने लागू कराया और हमारी सरकार पुरानी पेंशन लागू करने का विचार भी कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के विकास के प्रति भारतीय जनता पार्टी प्रतिबद्ध है और शिक्षकों के सम्मान में और उनके विकास में हमारी सरकार हरसंभव कार्य करेगी। शिक्षक समाज का विकास और विश्वास भाजपा टूटने नहीं देगी। इस अवसर पर सभी प्रधानाचार्य प्रबंधक को और शिक्षकों से उन्होंने भाजपा के प्रत्याशी बाबूलाल तिवारी को जिताने की अपील की।

भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा में शिक्षकों का सम्मान शिखर पर रहा है और सभी शिक्षकों को हम विश्वास दिलाते हैं कि शिक्षा और शिक्षकों के सर्वागीण विकास पर भारतीय जनता पार्टी कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

उन्होंने आगे कहा कि शिक्षक ही राष्ट्र का निर्माता है और उसके द्वारा ही देश की दिशा तय होती है। उनके ही सहयोग से आज भारतीय जनता पार्टी की केंद्र एवं प्रदेश में सरकार बनी है। आप सभी के आशीर्वाद से भाजपा के प्रत्याशी बाबूलाल तिवारी की एकतरफा जीत होने जा रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने वित्तविहीन शिक्षकों को मतदाता बनाने का अधिकार दिया है तो उनका सम्मान भी बरकरार रखेगी।

सम्मेलन में प्रमुख रूप से केपी ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष चौधरी राघवेंद्र सिंह, केपी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य, क्षेत्रीय महामंत्री संतोष सिंह पटेल, भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी, ज्ञानेश्वर शुक्ला, गिरजेश मिश्रा, राजेश केसरवानी एवं केपी इंटर कॉलेज केपी ट्रस्ट व कायस्थ पाठशाला के शिक्षक गण उपस्थित रहे।