ग्वालियरः शहरवासियों में खेलो इंडिया की अलख जगाने के लिए निकली टॉर्च रिले

27HREG335 ग्वालियरः शहरवासियों में खेलो इंडिया की अलख जगाने के लिए निकली “टॉर्च रिले”

– कम्पू खेल परिसर से कलेक्टर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने किया रैली को रवाना

ग्वालियर, 27 जनवरी (हि.स.)। शहरवासी खेलो इंडिया यूथ गेम्स में भाग लेने आ रहे खिलाड़ियों के स्वागत और हौसला अफजाई के लिये आतुर हैं। खेलो इंडिया के प्रति शहर में सकारात्मक वातावरण बनाने के उद्देश्य से आयोजित हो रहीं गतिविधियों में शहरवासी और खेलप्रेमी जनता बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। इसी कड़ी में शहर भर में खेलो इंडिया का संदेश पहुँचाने के लिये शुक्रवार को “टॉर्च रिले” का आयोजन हुआ। कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने कम्पू खेल परिसर से मशाल सौंपकर इस रैली को रवाना किया। रैली में खेलो इंडिया यूथ गेम्स की शुभंकर आशा चीता भी शहरवासियों में खेलों के प्रति जोश भरने के लिये शामिल रहीं।

इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशीष तिवारी, एडीएम एच बी शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह एवं जिला खेल व युवा कल्याण अधिकारी जोसेफ बक्सला सहित खेल संगठनों के प्रतिनिधिगण और विभिन्न खेलों के प्रतिभावान खिलाड़ी मौजूद थे।

खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तहत “टॉर्च रिले” जिला खेल परिसर कम्पू से शुरू होकर बाड़ा, राम मंदिर चौराहा, फालका बाजार, शिंदे की छावनी, फूलबाग चौराहा, लक्ष्मीबाई समाधि स्थल व सिंधिया कन्या विद्यालय होते हुए आकाशवाणी चौराहा तक पहुँची। इस रैली में जगह-जगह पर शाउमावि गजराराजा, शाउमावि गोरखी, सराफा हाईस्कूल, कार्मल कॉन्वेंट, शाउमावि जीवाजीराव व शिंदे की छावनी, जिला फुटबॉल संघ, एमएलबी स्कूल मुरार, महिला पॉलीटेक्निक, सिंधिया कन्या विद्यालय, सेंट पॉल हाईस्कूल पड़ाव व केन्द्रीय विद्यालय क्र.-1 के विद्यार्थी शामिल हुए।

भोपाल में खेलो इंडिया 30 जनवरी से 11 फरवरी तक

इधर, भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया ने शुक्रवार को बताया कि जिले में 30 जनवरी से 11 फरवरी तक खेलो इंडिया का आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि इन खेलो में एथेलेटिक्स, बॉक्सिंग, कुश्ती, जूडो, व्हालीबॉल, स्विमिंग, शूटिंग, केनोईंग/कयाकिंग और रोईंग खेलो का आयोजन भोपाल नगर की विभिन्न लोकेशन पर होगा। उन्होंने आयोजन को व्यवस्थित, उत्कृष्ट और भव्य रूप देने के लिए अधिकारियों की भी तैनाती की है।

उन्होंने बताया कि एथलेटिक्स खेल 3 से 5 फरवरी को बॉक्सिंग 31 जनवरी से 4 फरवरी तक, कुश्ती 7 फरवरी से 11 फरवरी तक टीटी नगर स्टेडियम में खेले जाएंगे। जूडो 7 से 10 फरवरी तक व्हालीबॉल 30 जनवरी से 3 फरवरी तक भारतीय खेल प्राधिकरण सेंटर सांई, स्विमिंग 7 से 11 फरवरी प्रकाश तरण पुष्कर लिंक रोड, शूटिंग 1 से 6 फरवरी तक मध्यप्रदेश शूटिंग अकादमी ग्राम बिशनखेड़ी, केनाईंग /कयाकिंग 1 से 3 फरवरी तक और रोईंग 7 से 9 फरवरी तक मध्यप्रदेश राज्य वाटर स्पोटर्स बड़ी झील में आयोजित किए जाएंगे।