कोरोना काल में आंगनबाड़ी कार्यकर्तओं ने की थी लोगों की मदद : मंत्री कुशवाह

27HREG350 कोरोना काल में आंगनबाड़ी कार्यकर्तओं ने की थी लोगों की मदद : मंत्री कुशवाह

-आंगनबाड़ी सहायिकाओं व आशा कार्यकर्ताओं को किया सम्मानित

ग्वालियर, 27 जनवरी (हि.स.)। मंत्री भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि कोरोना काल में जब परिजन भी अपनों को छूने से डर रहे थे, ऐसे हालातों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका व आशा कार्यकर्ताओं ने कोरोना संक्रमितों को सहारा देकर उनकी जिंदगी बचाने में बड़ा योगदान दिया है। समाज व प्रदेश सरकार इसके लिए इन सभी की ऋणी है।

मंत्री कुशवाह ने बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग के मैदानी अमले और आशा कार्यकर्ताओं के लिए शुक्रवार को आयोजित संवेदीकरण व सम्मान कार्यक्रम में बोल रहे थे। विक्रांत विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुरार ग्रामीण एवं शहर के ग्रामीण वार्डों से आईं आंगनबाड़ी सहायिकाओं व आशा कार्यकर्ताओं को शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। मंत्री ने उन सभी की समस्याएं भी सुनीं। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि कुंवर सिंह जाटव सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास राहुल पाठक और एकीकृत बाल विकास परियोजना मुरार के परियोजना अधिकारी सुशील शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।