26HREG186 हल्द्वानी पहुंचे सुप्रीम कोर्ट के वकील, रेलवे भूमि का लिया जायजा
हल्द्वानी, 26 जनवरी (हि.स.)। हल्द्वानी के बहुचर्चित रेलवे प्रकरण में बीती 5 जनवरी को सुप्रीम कोर्ट ने उत्तराखंड उच्च न्यायालय के आदेश पर रोक लगाते हुए 7 फरवरी को सुनवाई करने का फैसला दिया था। अब 7 फरवरी को होने वाली सुनवाई पर रेलवे प्रकरण से पीड़ित लोगों की नजर है। इस बीच गुरुवार को वरिष्ठ अधिवक्ता कॉल्विन गोंजाल्विस हल्द्वानी पहुंचे। यहां उन्होंने रेलवे द्वारा बताई जा रही जमीन का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ उत्तराखंड समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रभारी हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी भी मौजूद रहे।
सपा प्रभारी हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता कॉल्विन गोंजाल्विस उनके पुत्र हस्सान सिद्दीकी के विवाह समारोह में नहीं आ पाए थे, जिसके चलते वह आज हल्द्वानी उनके आवास पर पहुंचे और उनके पुत्र व पुत्रवधु को बधाई दी। उन्होंने बताया कि उन्होंने अधिवक्ता कॉल्विन गोंजाल्विस से रेलवे भूमि का ग्राउंड जीरो पर उतरकर निरीक्षण करने का आग्रह किया। जिसके बाद अधिवक्ता कॉल्विन गोंजाल्विस ने मतीन सिद्दीकी के साथ रेलवे द्वारा बताई जा रही भूमि का निरीक्षण किया।