बसंत पंचमी पर श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में आस्था की डुबकी

26HREG253 बहुमुखी प्रतिभा के धनी दीपक बिष्ट नहीं रहे

नैनीताल, 26 जनवरी (हि.स.)। नगर के विलक्षण प्रतिभा के धनी दीपक बिष्ट का गुरुवार को असामयिक निधन हो गया। बताया गया है कि दीपक बिष्ट सुबह नगर में गणतंत्र दिवस का कार्यक्रम शूट करने के बाद घर लौटे और पत्नी को सीने में दर्द होने की शिकायत की। इस पर उन्हें परिजन ताल चैनल के संचालक मारुति नंदन साह की मदद से बीडी पांडे जिला चिकित्सालय ले गये, जहां उन्हें हार्ट अटैक बताया गया। उन्हें बचाने की पुरजोर कोशिश की गई, किंतु अपराह्न करीब तीन बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।

उल्लेखनीय है कि दीपक बिष्ट ताल चैनल और उससे पहले इंजॉय म्यूजिक चैनल के माध्यम से एक पत्रकार के रूप में नगर में हर छोटी-बड़ी घटना की कवरेज करने में सक्रिय रहे। मृत्यु से कुछ देर पूर्व भी वह गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम को कवर कर रहे थे। वह एक मिमिक्री कलाकार के रूप में दर्जनों कलाकारों की आवाज निकालने में भी माहिर थे। कई तरह के नृत्यों का भी वह प्रदर्शन करते थे। उन्होंने डॉक्यूमेंट्री फिल्में भी बनाई। इन दिनों वह नगर एवं आसपास फिल्माई गई फिल्मों पर डॉक्यूमेंट्री बना रहे थे। एक स्टंटमैन के रूप में वह अपने हाथ और सीने पर बिजली की रॉड तोड़ने, केंचएं खाने व श्मशान घाट में रात बिताने जैसे करतब भी दिखाते थे। हर वर्ष 18 नवंबर को नैनीताल का बर्थडे मनाने और इसकी शुरुआत करने का श्रेय भी उन्हें ही जाता है।

पिछले दिनों जब विराट कोहली व अनुष्का शर्मा नैनीताल आए थे, तब नगर के अधिकांश पत्रकार भी उनसे नहीं मिल पाए थे, लेकिन दीपक बिष्ट उनसे मिले थे और उन्हें एक मिमिक्री कलाकार के रूप में प्रभावित किया था। उनके असामयिक निधन से नगर की एक बहुमुखी विलक्षण प्रतिभा मात्र 42 वर्ष की आयु में चली गई है।