26HREG266 हरियाणा के रेड क्रॉस स्वयंसेवकों ने निकाली तिरंगा रैली
हरिद्वार, 26, जनवरी (हि. स.)।भारतीय रैडक्रास समिति, हरियाणा राज्य शाखा चण्डीगढ द्वारा नंगली बेला आश्रम हरिद्वार में सात दिवसीय राज्य स्तरीय यूथ रैड क्रास प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर 30 जनवरी तक चलेगा। गणतंत्र दिवस पर शिविर निदेशक रोहित शर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया इस मौके पर विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयो से आये हुए प्रतिभागियो ने नंगली बेला आश्रम से हर की पौडी तक तिरंगा रैली निकाली। जिसको नरेश चौधरी, सचिव, जिला रेडक्रास हरिद्वार द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया ।
राजेन्द्र सैनी, फिल्ड कोर्डिनेटर, यूथ रैड क्रास, कुरूक्षेत्र विश्वविद्यालय ने हर की पौडी पर दूर दराज से आये हुए तीर्थ यात्रियों को जीवन रक्षक प्रणाली के बारे मे विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी व्यक्ति को अगर सांस लेने मे कठिनाई हो तो उसे जीवन रक्षक प्रणाली के माध्यम से कैसे सहायता की जा सकती है।
शिविर में आये हुए प्रतिभागियों को मां मनसा देवी मंदिर सहित कई प्रमुख तीर्थ स्थलों का भ्रमण कराया गया। इस अवसर पर सर्वजीत सिंह, संयुक्त शिविर निदेशक, अनिल धीमान, सुनील पहाडिया, मुकेश यादव, धीरज खुराना, राहुल आर्य, लवकेश, जोगिन्दर सिंह, प्रशांत, राजेश कपूर, सुभाष शर्मा, नन्दलाल, रंजीत, संदीप आदि उपस्थित रहे।