हाथ से हाथ जोड़ो अभियान शुभारंभ को लेकर कांग्रेस ने बनाई रणनीति, 26 को कमलनाथ करेंगे शुरुआत

20HREG328 हाथ से हाथ जोड़ो अभियान शुभारंभ को लेकर कांग्रेस ने बनाई रणनीति, 26 को कमलनाथ करेंगे शुरुआत

भोपाल, 20 जनवरी (हि.स.)। अभा कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आगामी 26 जनवरी से प्रारंभ होने वाला कांग्रेस का हाथ से हाथ जोड़ो अभियान का शुभारंभ राजधानी भोपाल से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की उपस्थिति में किया जायेगा। वहीं कमलनाथ के आव्हान पर मध्यप्रदेश में आयोजित हाथ से हाथ जोड़ों अभियान की तैयारियों को अंतिम रूप देने रणनीति पर शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के सभाकक्ष में अभा कांग्रेस के मप्र के प्रभारी जे.पी. अग्रवाल की उपस्थिति में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की एक आवश्यक बैठक हुई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी पूर्व मंत्री चंद्रप्रभाष शेखर, पी.सी. शर्मा, मुकेश नायक, प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष प्रकाश जैन, महामंत्री राजीव सिंह आदि भी विशेष तौर पर उपस्थित थे।

प्रभारी जेपी अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस द्वारा आगामी 26 जनवरी से शुरू होने वाला हाथ से हाथ जोड़ों अभियान पूरे देश में तीन स्तर पर और प्रदेश में दो स्तर पर करीब दो माह चलाया जायेगा। जिसमें जिला स्तर पर हर जिला मुख्यालय पर एक कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जायेगा। वहीं गांव और ब्लाक स्तर पर कार्यक्रम होंगे, जिसमें हर गांव और पोलिंग बूथ को दायरे में लिया जायेगा। गांव-गांव में राष्ट्रध्वज और कांग्रेस का झंडा फहराकर यात्रा शुरू होगी। घर-घर जाकर लोगों से संपर्क किया जायेगा, साथ ही अन्य कार्यक्रम होंगे। अभियान से संबंधित प्रपत्र सभी जिलों को समय-समय पर प्रेषित किये गये हैं।

अग्रवाल ने कहा कि अभियान कार्यक्रम को सफल एवं प्रभावी बनाने हेतु जिला, ब्लाक स्तर पर विधायक, पूर्व विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा संगठन, विभाग, प्रकोष्ठ के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी, स्थानीय संस्थाओं के जनप्रतिनिधि और कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।