अनूपपुर: दो पहिया वाहन से टकराकर चीतल की मौत, युवक घायल

20HREG337 अनूपपुर: दो पहिया वाहन से टकराकर चीतल की मौत, युवक घायल

अनूपपुर, 20 जनवरी (हि.स.)। अमरकंटक-अनूपपुर मुख्य मार्ग के मध्य किरर में वनचौकी के पास गुरुवार की रात दो पहिया वाहन से जा रहे युवक के सामने अचानक वन्यप्राणी चीतल के आ जाने से टकरा गया, जिससे युवक घायल हो गया, जबकि गंभीर चोट आने पर चीतल की स्थल पर मौत हो गई। घटना की सूचना पर वन विभाग द्वारा घायल को उपचार हेतु जिला चिकित्सालय अनूपपुर में भर्ती कराया गया, वहीं शुक्रवार को मृत मादा चीतल के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

जानकारी अनुसार शहडोल जिले के धनपुरी थाना अंतर्गत ग्राम बैगिंन निवासी 25 वर्षीय अमलेश पुत्र स्व.बबर सिंह गोड़ अपने रिश्तेदार 15 वर्षीय भूपेंद्र पुत्र उमेश सिंह के साथ दो पहिया वाहन से राजेंद्रग्राम के बसनिहा गांव रिश्तेदारी गया था। किरर वनचौकी के सामने जंगल की ओर से गांव की ओर दौड़ कर जा रही मादा चीतल दो पहिया वाहन से टकरा गई, जिससे गिरने से युवक अमलेश को चोट आई, वहीं मादा चीतल की टक्कर से घटनास्थल पर मौत हो गई। घटना की जानकारी पर परिक्षेत्र सहायक आररेगी राव, बीटगार्ड हरिशंकर महरा ने घायल युवक को जिला चिकित्सालय भेज कर भर्ती कराया। वहीं मृतक चीतल के शव को वनचौकी में शुक्रवार को पशु चिकित्सक से मृत चीतल के शव का शव परीक्षण कराने बाद वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में अंतिम संस्कार किया गया।

ज्ञात हो कि वन परिक्षेत्र अनूपपुर के जमुड़ी एवं किरर वनबीट के मध्य शहडोल अमरकंटक मार्ग के दोनों ओर जंगल होने तथा जंगल में वन्यप्राणी चीतल की अधिकता होने से शाम-रात होने पर चीतलों एवं अन्य वन्यप्राणियों का समूह वन क्षेत्रों से निकलकर मुख्य मार्ग पार कर गांव की ओर आने एवं सुबह होने पर जाने के दौरान अक्सर वाहनों से टकरा जाते हैं जिससे वन्यप्राणियों के घायल एवं मृत्यु हो जाने की घटनाएं घटित होती रहती हैं।