वाहन खाई में गिरा, तीन की मौत

14HREG61 वाहन खाई में गिरा, तीन की मौत

देहरादून, 14 अक्टूबर (हि.स.)। सड़क हादसे में एक वाहन के खाई में गिर जाने से तीन लोगों की मौत हो गयी। सूचना मिलने पर पुलिस व एसडीआरएफ टीम ने मौके पर पहुंच कर तीन शवों को बाहर निकालकर स्थानीय पुलिस के सुपुर्द किया। पुलिस अग्रिम कार्रवाई कर रही है।

तहसीलदार चकराता ने शनिवार को सूचना दी कि मीनस के पास पाटण नामक स्थान पर एक बोलेरो कैम्पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इस पर पोस्ट त्यूणी में तैनात एसडीआरएफ टीम मय आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के तत्काल घटनास्थल हेतु रवाना हुई। एक बोलेरो कैंपर जिसमें 3 लोग सवार थे जो नेवल टिकरी, तहसील— चौपाल, हिमाचल प्रदेश से विकासनगर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान मीनस के पास वाहन अनियंत्रित होने से मुख्य मार्ग से लगभग 200 मीटर नीचे गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें तीनों सवारों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी।

एसडीआरएफ टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहन तक पहुंच बनाकर वाहन में फंसे तीनों शवों को बाहर निकाला। इसके पश्चात कड़ी मशक्कत करते हुए वैकल्पिक मार्ग से होते हुए मुख्य मार्ग तक पहुचाकर जिला पुलिस के सुपुर्द किया गया। मृतकों की पहचान 26 वर्षीय राकेश कुमार पुत्र सूरत सिंह (वाहन चालक), 35 वर्षीय सुरजीत सिंह पुत्र जगत राम और 48 वर्षीय श्याम सिंह पुत्र भागमल निवासी ग्राम टिकरी, तहसील नेरवा, शिमला, हिमाचल प्रदेश के रूप में की गयी है।