13HENT6 ऑस्कर में स्वतंत्र प्रविष्टि के तौर पर भेजी जाएगी अक्षय कुमार की ‘मिशन रानीगंज’
अक्षय कुमार स्टारर फिल्म ‘मिशन रानीगंज’ 6 अक्टूबर को रिलीज होने के बाद बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई, लेकिन इसे अच्छे रिव्यू मिले। फिल्म मिशन रानीगंज के निर्माताओं ने अब स्वतंत्र रूप से फिल्म को ऑस्कर में भेजने का फैसला लिया है। यह अभी भी स्पष्ट नहीं है कि मिशन रानीगंज ऑस्कर में किस श्रेणी में प्रतिस्पर्धा करेगी। यह फिल्म पश्चिम बंगाल के रानीगंज में एक खदान में फंसे 65 श्रमिकों को सुरक्षित निकालने वाले सरदार जसवन्त सिंह गिल के जीवन पर आधारित है।
मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार दो तरीकों से कोई भी देश गैर-अंग्रेजी भाषा की फिल्में ऑस्कर में भेज सकता है। एक देश की आधिकारिक प्रविष्टि के तौर पर फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया के जरिये और दूसरा स्वतंत्र फिल्म के तौर पर। दोनों ही तरीकों में फिल्म को कुछ अमेरिकी शर्तों को पूरा करना होगा। पिछले साल गुजराती फिल्म ‘चेलो शोला’ को भारत की ओर से आधिकारिक प्रविष्टि के तौर पर भेजा गया था। इसी तरह राजामौली की तेलुगु फिल्म ‘आरआरआर’ एक स्वतंत्र प्रविष्टि थी।
इस साल भारत ने मलयालम फिल्म ‘2018: एव्रीवन इज़ ए हीरो’ को ऑस्कर के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में चुना है। इसी तरह अब अक्षय कुमार की ‘मिशन रानीगंज’ ऑस्कर में इंडिपेंडेंट एंट्री के तौर पर चुनी गई है।