हरीश रावत निकालेंगे नारसन से रुड़की तक किसान सम्मान ट्रैक्टर यात्रा

13HREG233 हरीश रावत निकालेंगे नारसन से रुड़की तक किसान सम्मान ट्रैक्टर यात्रा

हरिद्वार, 13 अक्टूबर (हि. स.)। पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत 16 अक्टूबर को नारसन से रुड़की तक किसान सम्मान ट्रैक्टर यात्रा निकालेंगे। इसी दिन सितारगंज में यह यात्रा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में निकाली जाएगी।

हरिद्वार जिले की इस यात्रा में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव काजी निजामुद्दीन व सभी कांग्रेस विधायक तथा कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता भाग लेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने पत्रकार वार्ता के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने हरिद्वार जिले में डेंगू की विकराल स्थिति बताते हुए सरकार को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि देहरादून तो अब स्मार्ट सिटी के बजाय डेंगू सिटी बन कर रह गया है। कमोबेश यही हालत हरिद्वार जिले की भी है।

उन्होंने कहा कांग्रेस ने किसानों के लिए देहरादून में बड़ा प्रदर्शन किया, जिसमें प्रमुख पांच मांगे सरकार के सामने रखी गई थीं। इन मांगों में हरिद्वार जिले में आई आपदा में किसानों के मुआवजे को कम से कम दस हजार रुपये बीघा किये जाने, किसानों का छह माह का ब्याज ऋण माफ करने, गन्ने का खरीद मूल्य सवा चार सौ रुपये क्विंटल करने के साथ इकबालपुर शुगर मिल पर बकाया 100 करोड़ रुपये का भुगतान तुरंत किये जाने की मांग शामिल थी। उन्होंने बताया कि किसान सम्मान यात्रा के अंतर्गत 16 अक्टूबर को नारसन में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर इस ट्रैक्टर यात्रा की शुरुआत की जाएगी। यह यात्रा इसके बाद अलग अलग दिनों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाएंगी।

उन्होंने कहा जाति जनगणना की मांग को लेकर कांग्रेस सरकार पर दबाव डालेगी, क्योंकि जातिगत स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए। यह देश के गरीब, मजदूरों और दलितों तथा पिछड़ों के हित में हैं। इस अवसर पर विधायक ममता राकेश, पूर्व प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता श्रीगोपाल नारसन, चौधरी तेजपाल सिंह खेड़ाजट, आदित्य राणा, यासिर अराफात, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह, सेठपाल परमार, ठाकुर वीरेंद्र सिंह, उदय सिंह पुंडीर, अय्याज अहमद, हंस राज सचदेवा,ऋतु कंडियाल, सुधीर शांडिल्य, बेबी खन्ना और डॉ राकेश गौड़ आदि मौजूद रहे।