13HREG360 दीपावली से पहले एनएचएम कर्मियों को बड़ा तोहफा, सभी जिलों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की होगी तैनात
-जल्द शुरू होगा यू कोट वी पे का चौथा चरण
– कार्मिकों को मिलेगा पितृत्व, बाल्य देखभाल व बाल दत्तक अवकाश का लाभ
देहरादून, 13 अक्टूबर (हि.स.)। प्रदेश के सभी जनपदों में स्पेशलिस्ट चिकित्सकों की तैनाती की जाएगी। साथ ही यूकोट वी पे का चौथा चरण जल्द शुरू होगा। दीपावली से पहले एनएचएम कर्मियों को बड़ा तोहफा, पात्र कार्मिकों को पितृत्व अवकाश, बाल्य देखभाल अवकाश व बाल दत्तक अवकाश का लाभ भी मिलेगा।
शुक्रवार को सचिवालय में स्वास्थ्य सचिव डॉ आर राजेश कुमार की अध्यक्षता में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण समिति की 38वीं कार्यकारिणी समिति की बैठक में कई निर्णय लिए गए। स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि प्रदेश के चिकित्सा इकाइयों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति के लिए संचालित यू कोट वी पे मॉडल का चौथा चरण जल्द शुरू किया जाएगा, जिसमें सर्जन, गायनोलॉजिस्ट, रेडियोलॉजिस्ट, ऑर्थाेपेडिक, एनेस्थेटिक, पैथोलॉजिस्ट, पीडियाट्रिशन, मनोवैज्ञानिक आदि पदों पर विशेषज्ञ चिकित्सकों को नियुक्त कर सीमांत जनपदों में आमजन को स्वास्थ्य लाभ के लिए सेवाएं दी जाएगी।
एनएचएम को कर्मचारियों को तोहफा
स्वास्थ्य सचिव ने दीपावली से पहले एनएचएम कर्मियों को बड़ा तोहफा दिया है। राज्य के विभिन्न अस्पतालों में भ्रमण के दौरान एनएचएम कर्मियों की रखी मांगों को स्वास्थ्य सचिव मान लिया। कार्यकारिणी समिति की बैठक में प्रदेश में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में कार्यरत पात्र कार्मिकों को पितृत्व अवकाश, बाल्य देखभाल अवकाश व बाल दत्तक अवकाश का लाभ उत्तराखंड शासन नियमावली के अनुसार दिए जाने पर सहमति दे दी गई। स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि निशुल्क जांच योजना के अंतर्गत सभी 266 जांचों की गुणवत्ता की जांच करने के लिए गढ़वाल क्लस्टर के देहरादून मेडिकल कॉलेज व कुमांऊ क्लस्टर के हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज की जाएगी।
इस बैठक में स्वाति भदौरिया मिशन निदेशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, अमनदीप कौर अपर सचिव स्वास्थ्य, सुनीता टम्टा निदेशक स्वास्थ्य, प्रभारी अधिकारी डॉ अमित शुक्ला, डॉ राजन अरोड़ा, डॉ पकंज कुमार, डॉ फरीदुज़फ़र, डॉ मुकेश रॉय, महेंद्र मौर्य राज्य कार्यक्रम अधिकारी एनएचएम, कविता कौशल कंसल्टेंट मानव संसाधन सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।