12HREG378 मप्र विस चुनाव-2023: निर्वाचन व्यय एवं लेखा से संबंधित विधिक प्रावधानों संबंधी बैठक सम्पन्न
भोपाल, 12 अक्टूबर (हि.स.)। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट में विधानसभा निर्वाचन-2023 के लिए निर्वाचन व्यय एवं व्यय लेखा से संबंधित विधिक प्रावधानों और आयोग के इस संबंध में जारी अनुदेशों से सभी राजनीतिक दलों को अवगत, जागरूक कराने के लिए बैठक संपन्न हुई।
बैठक में कलेक्टर ने सभी दलों के प्रतिनिधियों को संबोधित किया और कहा कि निर्वाचन के दौरान सभी दलों को सभा रैली एवं अन्य कार्यक्रमों की अनुमति सुविधा एप के माध्यम से नियत समय में दी जा रही है, जिससे किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही सभी नागरिकों राजनीतिक दलों को यह सुनिश्नित करना है कि आदर्श आचरण संहिता का सही ढंग से पालन करें और शान्ति पूर्वक निर्वाचन संपन्न हो। बैठक में निर्वाचन व्यय नोडल अधिकारी निधि चौकसे एवं अजय सिंह परिहार ने सभी उपस्थित राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को व्यय लेखा रजिस्टर एवं चुनाव खर्चा के लेखा जोखा की विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षण समन्वय के लिए जिला पंचायत अधिकारियों की ड्यूटी
मुख्य कार्यपालन एवं नोडल अधिकारी प्रशिक्षण जिला पंचायत ऋतुराज सिंह ने बताया कि विधानसभा निर्वाचन-2023 निविघ्न रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशिक्षण केन्द्र पर नियुक्त पर्यवेक्षक, मास्टर ट्रेनर से समन्वय रखने के लिए जिला पंचायत भोपाल में पदस्थ अधिकारियों की ड्यूटी लगाई हैं।
इधर, विधानसभा निर्वाचन – 2023 के लिए मतदान दलों का प्रथम प्रशिक्षण प्रशिक्षण केन्द्रों पर जारी है। 13, 16 एवं 17 अक्टूबर को प्रात: 9 से 1 बजे तक एवं दोपहर 1.30 बजे से 5.30 बजे तक कुल दो सत्रों में प्रशिक्षण केन्द्रों पर आयोजित किया जाएगा।
कलेक्टर ने मतदान दलों के प्रशिक्षण कार्य का किया निरीक्षण
विधानसभा आम निर्वाचन- 2023 के मद्देनजर जिला मुख्यालय स्थित गांधी मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम एवं सुभाष पॉलीटेक्निक कॉलेज में मतदान दलों को दिए जा रहे प्रशिक्षण का कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष सिंह ने गुरुवार को निरीक्षण किया। उन्होंने वहां प्रशिक्षण के संबंध में जानकारी ली और अधिकारी-कर्मचारियों से निर्वाचन प्रक्रिया संबंधी सवाल पूछे।
कलेक्टर ने कहा कि मतदान कर्मियों को गहनता के साथ प्रशिक्षण दिया जाए। उन्हें हर बारीकी से अवगत कराया जाए। निर्वाचन आयोग के नियम और निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी जाए। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से कहा कि प्रशिक्षण स्थल पर उपलब्ध ईव्हीएम और व्हीव्हीपैट मशीन में हेण्ड्स ऑन प्रशिक्षण अवश्य करें। अभी ट्रेनिंग कर लेने से मतदान दिवस के दिन कार्य समय पर पूरा कर सकेंगे।