12HSPO13 एशियाई खेलों में भारतीय कबड्डी टीम का हिस्सा रही पुष्पा राणा और ज्योति ठाकुर का धर्मशाला लौटने पर जोरदार स्वागत
धर्मशाला, 12 अक्टूबर (हि.स.)। एशियाई खेलों में स्र्वण जीतने वाली भारतीय कबड्डी टीम का हिस्सा रही पुष्पा राणा और ज्योति ठाकुर का धर्मशाला लौटने पर वीरवार को लोगों ने जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर साई केंद्र के प्रशिक्षु खिलाड़ियों सहित स्थानीय लोगों ने भी दोनों बेटियों को दिल खोलकर स्वागत किया।
गौरतलब है कि पुष्पा राणा और ज्योति ठाकुर राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र धर्मशाला की प्रशिक्षु हैं। भारतीय कबड्डी टीम में हिमाचल की पांच बेटियों ने अपना योगदान दिया। जिनमें दो बेटियां पुष्पा राणा और ज्योति ठाकुर राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र साई धर्मशाला की प्रशिक्षु हैं। इसके साथ ही ऋतु नेगी तथा सुषमा शिलाई तथार निधि बिलासपुर से ताल्लुक रखती हैं। इन बेटियों ने अनुकरणीय खेल कौशल और अदम्य भावना का प्रदर्शन करते हुए हिमाचल का ही नहीं अपितु पूरे देश का नाम विश्व भर में उंचा किया है।
राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र साई धर्मशाला के प्रभारी राकेश जस्सल ने कहा कि राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र साई धर्मशाला को अपने खिलाड़ियों एवं एथलीटों के शानदार प्रदर्शन पर गर्व है और केंद्र सरकार के निर्देशानुसार खेलों के ऐसे माहौल को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्व है, जो प्रतिभा को पोषित करता है तथा प्रतिभा को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र धर्मशाला की ओर से कबड्डी टीम की सभी खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि पर गर्व है।