16HREG199 महादेवी वर्मा सृजन पीठ में बन रहे राइटर्स होम का भारत सरकार के प्रतिनिधि के किया निरीक्षण
नैनीताल, 16 सितंबर (हि.स.)। कुमाऊं विश्वविद्यालय की रामगढ़ स्थित महादेवी वर्मा सृजन पीठ में बन रहे राइटर्स होम का मंत्रालय के प्रतिनिधि अनुभाग अधिकारी जयदीप सिंह शेखावत ने शनिवार को स्थलीय निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।
भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के वित्तीय सहयोग से सुप्रसिद्ध साहित्यकार अमृतलाल नागर की स्मृति में नैनीताल जनपद के रामगढ़ में राइटर्स होम का निर्माण किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि सुप्रसिद्ध साहित्यकार अमृतलाल नागर की जन्म शताब्दी पर महादेवी वर्मा सृजन पीठ परिसर में राइटर्स होम के निर्माण के लिए भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय ने 87 लाख रुपये की परियोजना स्वीकृत की गयी थी। वर्तमान में कार्यदायी संस्था उत्तराखंड पेयजल निगम हल्द्वानी द्वारा परियोजना का कार्य अंतिम चरण में है। इसके भौतिक सत्यापन हेतु मंत्रालय के प्रतिनिधि श्री शेखावत ने राइटर्स होम का स्थलीय निरीक्षण किया।
महादेवी वर्मा सृजन पीठ के निदेशक प्रो. शिरीष कुमार मौर्य ने बताया कि पीठ में राइटर्स होम के निर्माण के उपरांत लेखक यहाँ ठहरकर उस परिवेश में लेखन कार्य कर सकेंगे, जिसमें रहकर सुप्रसिद्ध छायावादी कवयित्री महादेवी वर्मा और अन्य प्रमुख साहित्यकारों ने कालजयी रचनाओं का सृजन किया।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान पीठ के समन्वयक मोहन सिंह रावत, उत्तराखंड पेयजल निगम के अवर अभियंता शिवराज सिंह गैड़ा, पीठ कर्मी बहादुर सिंह कुंवर आदि उपस्थित रहे।