14HREG106 जिला चिकित्सालय की भूमि पर ध्वस्तीकरण अभियान शुरू
नैनीताल, 14 सितंबर (हि.स.)। बीडी पांडे जिला चिकित्सालय नैनीताल एवं जिला प्रशासन नैनीताल की पहल पर जिला चिकित्सालय की भूमि पर अतिक्रमित भवनों को हटाने का कार्य गुरुवार सुबह से बिना किसी विरोध के तेजी से शुरू हो गया।
लोग बीती शाम से ही घरों को खाली करने में जुट गये थे और पूरी रात्रि घरों के सामान को अन्यत्र ले जाने का कार्य चलता रहा जबकि सुबह से लोगों ने स्वयं ही अपने घरों को तोड़ना शुरू कर दिया था। पुलिस व प्रशासनिक बलों के पहुंचने के बाद कार्य में और तेजी आ गयी। ड्रोन कैमरों से ध्वस्तीकरण अभियान पर लगातार नजर रखी जा रही थी।
इस दौरान अपनी जीवन भर की पूंजी लगाकर बनाये गये घरों से बेदखल हो रहे लोगों का दर्द रह-रहकर फूटता रहा। कई महिलाएं दहाड़ें मार-मारकर रोने लगीं, जबकि कई बेहोश भी हो गयीं। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उन्हें ढांढस बंधाते देखे गये। सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई इस दौरान प्रभावितों को चाय, पानी और भोजन के पैकेट भी उपलब्ध करा रहे हैं।
आज ही नोटिस, आज ही ध्वस्तीकरण
ध्वस्तीकरण अभियान में यह बात उल्लेखनीय रही कि जिला प्रशासन की ओर से एक दिन पूर्व लोगों से 15 सितंबर की शाम तक घरों को खाली करने की मुनादी करायी गयी थी, लेकिन आज 14 सितंबर को बीडी पांडे जिला चिकित्सालय की ओर से अतिक्रमित भवनों पर नोटिस चिपकाकर तत्काल हटने के आदेश दिये गये। साथ ही प्रशासन की ओर से आज ही अपनी देखरेख में ध्वस्तीकरण अभियान शुरू कर दिया गया।