12HREG111 चार विद्यालयों के बीच आयोजित की गई बैडमिंटन और योग प्रतियोगिता
-प्रतियोगिताओं में श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज ओवरॉल रहा चैम्पियन
ऋषिकेश,12 सितम्बर (हि.स.)। भरत मंदिर इंटर कॉलेज ऋषिकेश के महंत परशुराम सभागार में चार विद्यालयों, दयानंद माध्यमिक विद्यालय, आईडीपीएल इंटर कॉलेज , माध्यमिक विद्यालय पशुलोक और श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के बीच हुई नगर क्षेत्रीय बैडमिंटन और योगा प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत ने किया।
मंगलवार को आयोजित योगा और बैडमिंटन दोनों प्रतियोगिताओं में श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज ओवरॉल चैम्पियन रहा। योगा में निर्णायक की भूमिका में कृष्ण देव मिश्रा और वीरेंद्र चौबे रहे। प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत ने कहा कि योग हमारे मन मस्तिष्क और शरीर सभी को स्वस्थ रखता है। प्रत्येक व्यक्ति को सुबह अपने दिन की शुरुआत प्राणायाम और योग के द्वारा करनी चाहिए। जीवन में स्वस्थ रहने का योग से अच्छा और कोई मूल मंत्र नहीं है।
विद्यालय के योगाचार्य जगदंबा प्रसाद थपलियाल ने कहा कि योग हमारे ऋषियों के द्वारा हमें दी गई वह संजीवन बूटी है जिसका उपयोग हम अपने जीवन को निरोगी रखने में कर रहे हैं। थोड़ा सा समय अपने लिए योग के लिए जरूर निकालना चाहिए क्योंकि योग आज एक योग विज्ञान का रूप ले चुका है क्योंकि इसकी सभी क्रियाएं वैज्ञानिक हैं जिनका प्रभाव शरीर पर वैज्ञानिक रूप से सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
बैडमिंटन प्रतियोगिता जितेंद्र बिष्ट ,खेल अध्यापक विकास नेगी और खेल कोच प्रवीण रावत जी की रेख देख और दिशा निर्देशन में करवाई गई।
इस अवसर पर वरिष्ठ प्रवक्ता श्री यमुना प्रसाद त्रिपाठी, श्री जितेंद्र विष्ट, लेफ्टिनेंट लखविंदर सिंह, श्री सुनील दत्त थपलियाल,रंजन अंथवाल, विकास नेगी, प्रवीण रावत,विवेक शर्मा, दीपक भारद्वाज आदि उपस्थित रहे।