महिला का हत्यारा निकला प्रेमी सेना का लेफ्टीनेंट कर्नल, गिरफ्तार

11HCRI18 महिला का हत्यारा निकला प्रेमी सेना का लेफ्टीनेंट कर्नल, गिरफ्तार

देहरादून, 11 सितंबर (हि.स.)। राजधानी पुलिस ने आरोपित प्रेमी सेना के लेफ्टीनेंट कर्नल को सोमवार को गिरफ्तार कर रायपुर थाना क्षेत्र में हुई एक महिला की हत्या का 24 घंटे में खुलासा कर दिया है। सेना में लेफ्टीनेंट कर्नल संग महिला का लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रेमिका लेफ्टीनेंट कर्नल पर पत्नी का दर्जा देने का दबाव बना रही थी। इससे परेशान प्रेमी ने प्रेमिका की सुनियोजित तरीके से हत्या कर दी। उधर, इस संबंध में सेना के सब एरिया हेडक्वार्टर के पीआरओ लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष श्रीवास्तव ने जारी बयान में कहा कि स्थानीय सैन्य प्राधिकरण इस जांच में पूर्ण सहयोग करेगा।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दलीप सिंह कुंवर ने सोमवार को इस मामले को खुलासा करते हुए बताया कि यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ था। मृतक महिला नेपाल मूल की थी और पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी की रहने वाली थी। उन्होंने बताया कि महिला की हत्या की साजिश रचने वाला कोई और नहीं बल्कि उसका प्रेमी आरोपित रामेन्दू उपाध्याय है, जो सेना में क्लेमेंटाउन देहरादून में लेफ्टीनेंट कर्नल के पद पर तैनात है। पुलिस को महिला के शव की शिनाख्त करने में बहुत दिक्कतें आयी थीं।

एसएसपी दलीप ने बताया कि पुलिस टीम ने आज प्रात: जब आरोपित लेफ्टीनेंट कर्नल रामेन्दू उपाध्याय को उसके घर प्रेमनगर पंडितवाड़ी के पास से गिरफ्तार कर पूछताछ की गयी तो रामेन्दू उपाध्याय ने महिला की हत्या को करना स्वीकार किया, जिससे बरामद मोबाइल फोन में मृतका के साथ रामेन्दू उपाध्याय की फोटो, मृतका के मोबाइल नम्बर से बात करना पाया गया। रामेन्दू उपाध्याय का 03 सितंबर को जुडियो के शोरूम से मृतका को ड्रेस दिलाया जाना भी पाया गया है। आरोपित रामेन्दू उपाध्याय की निशानदेही पर क्लेमेंटाउन से घटना में प्रयुक्त कार यूके-07 डीएक्स 5881 केआइए कार के अन्दर छिपाकर रखी थी।

कुछ समय पहले ही क्लेमेंटाउन देहरादून में हुई थी रामेन्दू पोस्टिंग-

पुलिस पूछताछ में अभियुक्त रामेन्दू उपाध्याय ने बताया कि वह आर्मी में क्लेमेंटाउन देहरादून में लेफ्टिनेंट कर्नल के पद पर तैनात है। उसकी पोस्टिंग कुछ समय पहले सिलिगुड़ी पश्चिम बंगाल से देहरादून में हुई थी। वह वर्ष 2010 में डिपार्टमेंटल कमीशन के रूप में लेफ्टिनेंट बन गया था। उसका घर पंडितवाड़ी में है। वर्ष 2020 जनवरी में उसकी मुलाकात नेपाली मूल की एक लडकी श्रेया शर्मा से डांस बार सिटी सेंटर मॉल सिलीगुड़ी पश्चिम बंगाल में हुई थी, जहां पर उसे श्रेया शर्मा बहुत पसंद आई।

पहले उसकी मुलाकात श्रेया से दोस्ती के नाते हुई। इसके बाद हमारे आपसी रिलेशन बन गए। हम दोनों सिलीगुड़ी में पति-पत्नी की तरह रहते थे। मैं श्रेया के सारे खर्चे उठाता था। जब मेरी पोस्टिंग देहरादून जिले में हुई तो मैं श्रेया को भी अपने साथ देहरादून ले आया, जिसकी जानकारी उसकी पत्नी को हुई तो मैंने श्रेया को कुछ दिन होटल में रखने के बाद वापस सिलीगुड़ी भेज दिया।

कुछ दिन बाद मैंने दोबारा उसे देहरादून बुला लिया और कुछ दिन होटल में रखने के बाद क्लेमेंटाउन में एक फ्लैट किराये पर लिया और उसे वहां रख दिया। कुछ दिन ठीक से सही रहने के बाद वह लगातार मुझे अपनी पत्नी का दर्जा देने का दबाव बनाने लगी और इसको लेकर वह उससे गाली गलौज करने लगी। वह उससे पीने के लिये शराब और होटल से खाना मंगाती थी। वह ही खाना बनाता था, उसे खाना बनाना नहीं आता था। मेरा लगभग रोज फ्लैट में आना जाना था। इसका मेरी पत्नी को भी पता चल गया था।

श्रेया लगातार दुर्व्यवहार करती थी, इसलिए बनाई हत्या की योजना-

श्रेया उससे लगातार दुर्व्यवहार करती थी और उसे गालियां देती थी। वह कहती थी कि तुमने मेरी लाइफ खराब कर दी है। मुझे रखैल की तरह रखा हुआ है। मुझसे शादी कर लो इस बात को लेकर हमारा झगड़ा होता रहता था। पिछले कुछ दिनों पहले उसकी पत्नी भी फ्लैट में आई थी। उसकी पत्नी से भी उसकी लड़ाई हुई थी। उसकी पत्नी और श्रेया के बीच लड़ाई होने से उसे बहुत बुरा लगा। वह असमंजस की स्थिति में था कि मैं क्या करूं? मैं बहुत परेशान हो गया था।

इसलिए मैंने उसे जान से मारने की योजना बनायी और 09 सितंबर को वह और श्रेया बीयर पीने के लिए राजपुर रोड स्थित एक क्लब में गए। वहां पर रात को हमने शराब पी, मैंने उसे ज्यादा शराब पिलाई और खुद कम शराब पी, फिर मैंने उससे लॉन्ग ड्राइव में जाने को कहा। मैंने अपनी गाड़ी में भी कुछ बीयर और शराब रख ली। इसके बाद हम लोग रात्रि को आईएसबीटी, घंटाघर,बल्लूपुर,डोईवाला फिर डोईवाला से वापस होते हुए महाराणा प्रताप चौक से थानो रोड की तरफ निकले। मैंने अपनी गाड़ी थानो रोड पर सोड़ा सरोली से एक रास्ता बांये ओर जाता है, वहां पर जंगल जाने वाले रास्ते पर गाड़ी लगा ली।

श्रेया अत्यधिक शराब के नशे में मुझे गाड़ी में शारीरिक सम्बन्ध बनाने को कह रही थी और अपने कपडे़ उतारने लगी। इसके बाद मैंने योजना के अंतर्गत अपनी कार की पिछली सीट में रखे हथौड़े को निकाल कर श्रेया पर ताबड़तोड़ सिर में प्रहार किया। उसके बाद मेन रोड किनारे उसको फेंक दिया और उसके बाद गाड़ी में रखा टॉयलेट क्लीनर निकाल कर उसके मुंह पर डाल दिया। इसके बाद वापस आकर गाड़ी क्लेमेंटाउन स्टोर में छिपा दी। श्रेया के सामान, पहने कपड़ों को भी गाड़ी में ही छिपा दिया। पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने 25000 रुपये के नकद पुरस्कार से देने की घोषणा की है।

गौरतलब है कि रविवार को देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र के सिरवालगढ़ में संदिग्ध अवस्था में एक महिला का शव बरामद हुआ था। पुलिस ने सोमवार को इस मामले का खुलासा कर दिया।