09HREG100 लूट करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन आरोपित दबोचे
-चलती बोलेरो से छीनी थी बाइक सवार महिला की सोने की चेन
हरिद्वार, 09 सितंबर (हि.स.)। बोलेरो में सवार बदमाशों ने बीते रोज बाइक पर जा रही महिला की चेन लूटने के अंतरराज्यीय गिरोह के तीन आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से लूट की चेन और घटना में प्रयुक्त बोलेरो को बरामद किया है।
शुक्रवार की शाम को शास्त्री नगर ज्वालापुर निवासी श्रीमती इंदु देवी अपने भतीजे अमन के साथ बाइक पर सवार होकर हरिद्वार से बिजनौर जा रही थी। जैसे ही वह चंडी देवी रोपवे से थोड़ा आगे पहुंची, पीछे से आ रही बोलेरो ने बाइक से सटाकर ओवरटेक किया। इस दौरान बोलेरो की आगे की सीट पर बैठे लड़के ने महिला की गले से सोने की चैन लूट ली और नजीबाबाद की ओर भाग गए।
पुलिस जांच में पता चला कि लुटेरे आरोपित सलमान ने वर्ष 2015 में अपने साथियों के साथ हरिद्वार कोतवाली टैक्सी स्टैंड से एक इंडिगो कार, लक्ष्मण झूला के नाम से बुक की थी और पंतदीप पार्किंग में ड्राइवर को बंधक बनाकर मुजफ्फरनगर ले गए थे। कार व सामान पर्स, घड़ी आदि सब लूट लिए थे। उस प्रकरण में भी आरोपित सलमान जेल गया था और कोतवाली नगर हरिद्वार से वर्ष 2015 में इस पर गैंगस्टर का मुकदमा भी पंजीकृत है। आरोपित उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में लूट के कई मामलों में शामिल है।
पुलिस के अनुसार आरोपितों का आपराधिक इतिहास है। सलमान उर्फ राजा पुत्र शरीफ निवासी ग्राम सरवत नई मंडी मुजफ्फरनगर उ.प्र. पर यूपी व उत्तराखण्ड में तीन मुकदमे, अजय पुत्र जगनमोहन निवासी कोटा, सहारनपुर उ.प्र. पर उत्तराखण्ड के टिहरी में मुकदमा दर्ज है। तीसरे आरोपित का नाम सावेज पुत्र शहजाद निवासी गागलहेड़ी सहारनपुर उप्र बताया गया है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया है।