04HSPO12 नेशनल चैम्पियनशिप के विजेता हुए सम्मानित
प्रयागराज, 04 सितम्बर (हि.स.)। नई दिल्ली में गत सप्ताह आयोजित हुई स्कूल गेम्स नेशनल चैम्पियनशिप में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली उत्तर प्रदेश अण्डर 14 बालक वर्ग एवं अण्डर 16 बालिका वर्ग बास्केटबॉल टीम के खिलाड़ियों को डीपी पब्लिक स्कूल में सोमवार को पुरस्कृत करके सम्मानित किया गया।
बास्केटबाल कोच रवि प्रकाश मौर्या के अनुसार डीपी पब्लिक स्कूल के आठ खिलाड़ियों का चयन उत्तर प्रदेश की बास्केटबॉल टीम में हुआ था। जिसमें छह खिलाड़ी साक्षी सिंह, अनाया सिंह, काव्या, श्रुति मिश्रा, शाम्भवी, शौर्या सिंह बालिका वर्ग एवं दो खिलाड़ी शिवांशु राय व अमान खान बालक वर्ग के थे।
डीपी पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या श्रुति अग्रवाल एवं प्रबन्धक अंकुर अग्रवाल ने खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र दिया। प्रदेशीय टीम ने अण्डर-16 बालिका वर्ग में क्रमशः महाराष्ट्र, तमिलनाडु, बिहार, मध्य प्रदेश को एवं अण्डर 14 बालक वर्ग में बिहार, मध्य प्रदेश, केरल व आन्ध्र प्रदेश को पराजित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस दौरान स्कूल के समस्त शिक्षक एवं शारीरिक शिक्षा विभाग के सभी शिक्षक उपस्थित रहे।