19HREG120 एटीएम बदलकर पैसे निकालने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश, दो दबोचे
-विभिन्न बैंकों के 29 एटीएम, नगदी, मोबाइल व मोटरसाइकिल बरामद
हरिद्वार, 19 अगस्त (हि.स.)। एटीएम बदलकर पैसे निकालने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से 29 एटीएम, नकदी, मोबाइल व मोटरसाइकिल बरामद की है।
गत 6 अगस्त को ज्वालापुर के आर्यनगर निवासी ओम राठौर ने पुलिस को तहरीर देकर 2 अगस्त को आर्य नगर एसबीआई बैंक के एटीएम से धोखाधड़ी से एटीएम कार्ड बदलकर 85 हजार रुपये निकाल लेने के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया था। इसके अलावा ज्वालापुर के ही मोहल्ला पांवधोई निवासी सचिन कुमार ने भी 14 अगस्त को धोखे से एटीएम कार्ड बदलकर 20500 निकाल लेने का आरोप लगाते हुए अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज व मुखबिर की सूचनाओं पर लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दी। इसके तहत सब्जी मंडी सराय रोड से अन्य वारदात को अंजाम देने आए आरोपितों को पुलिस ने हिरासत में लिया गया, जिनकी तलाशी लेने पर उनके पास से विभिन्न बैंकों के 29 एटीएम, डेबिट कार्ड व नगद 15 हजार, 02 मोबाइल व मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे शनिवार और रविवार को एटीएम के आसपास खड़े हो जाते थे और ऐसे लोगों को शिकार बनाते थे जिन्हें एटीएम चलाने का कम ज्ञान हो। छुट्टी वाला दिन भी यह लोग चुनते थे, ताकि अगर कंप्लेंट लिखाएं तो बैंक उस दिन बंद हो, जिसका फायदा उठाकर पैसे निकाल लेते थे। पुलिस पकड़े गए आरोपितों से अन्य एटीएम के संबंध में जानकारी जुटा रही है। संभावना है कि इनके द्वारा अन्य शहरों में उक्त घटनाओं को अंजाम दिया हो।
पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने अपने नाम पिंटू कुमार निवासी महाराणा प्रताप की मूर्ति के पास फेरूपुर थाना पथरी जनपद हरिद्वार व शिवम निवासी ग्राम लाहक कला थाना मंडावली जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश बताए। पुलिस ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में पांच मुकदमे धोखाधड़ी के दर्ज हैं।