17HREG174 10 वर्ष पुराने आधार कार्डों को अपडेट करना जरूरी, लगेंगे शिविर
नैनीताल, 17 अगस्त (हि.स.)। जनपद में संचालित सभी 96 आधार पंजीकरण केंद्रों, ग्राम पंचायतों और वार्डों में संचालित 720 जन सेवा केंद्रों के माध्यम से शिविर लगाकर 10 वर्ष पुराने आधार कार्डों को अपडेट किया जायेगा। इस संबंध में अपर जिलाधिकारी शिवचरण द्विवेदी ने निर्देश जारी कर दिए हैं।
श्री द्विवेदी ने जनपद के आम जनमानस से अपील की है कि जिन लोगाें के आधार कार्ड को 10 वर्ष हो गए हैं, वे अपना आधार कार्ड को अपने निकटतम जन सेवा केंद्र में जाकर अथवा पास के आधार पंजीकरण केंद्र में अपडेट करवा सकते हैं।
ई-डिस्ट्रिक मैनेजर विकास शर्मा ने बताया कि इन केंद्रों के साथ ही आम जन घर से भी माई आधार डॉट यूआईडीएआई डॉट जीओवी डॉट इन पोर्टल पर जाकर अपना आधार कार्ड अपडेट कर सकते हैं। इसके लिए 25 रुपये ऑनलाइन फीस देनी होगी, जबकि आधार पंजीकरण केंद्र अथवा जन सेवा केन्द्रों में आधार अपडेट करवाने को 50 रुपये फीस भारत सरकार से निर्धारित की गयी है। उन्होंने बताया कि आधार कार्ड बनवाते वक्त जिन दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया था, 10 साल पूर्ण होने के उपरान्त कम-से-कम एक बार संबंधित दस्तावेजों को अपडेट कराना जरूरी है।