16HREG107 कैबिनेट मंत्री जोशी ने किया पूर्व प्रधानमंत्री का भावपूर्ण स्मरण
देहरादून 16 अगस्त (हि.स.)। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को न्यू कैंट रोड स्थित कैंप कार्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री ‘भारत रत्न’ अटल बिहारी वाजपेयी की पांचवीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि और गोष्ठी कार्यक्रम में प्रतिभाग कर उन्हें पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा अटल बिहारी वाजपेयी हिन्दी कवि, पत्रकार व एक प्रखर वक्ता थे। वे भारतीय जनसंघ के संस्थापकों में एक थे और 1968 से 1973 तक उसके अध्यक्ष भी रहे। उन्होंने लम्बे समय तक राष्ट्रधर्म, पाञ्चजन्य (पत्र) और वीर अर्जुन आदि राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत अनेक पत्र-पत्रिकाओं का सम्पादन भी किया। उन्होंने कहा भारतीय जनता पार्टी के प्रथम अधिवेशन में अपने भाषण के अंतिम पंक्तियों में अटल जी ने कहा था कि “अंधेरा छंटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा।” इसी नारे को लेकर भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं के परिश्रम से आज देश में 31 राज्यों में से 16 में भारतीय जनता पार्टी और उनके सहयोग दलों की सरकारें हैं।
मंत्री जोशी ने बताया कि वर्ष 1999 में कारगिल युद्ध के समय अटल जी ने कहा था कि जो जवान मां भारती की रक्षा में सीमा पर बलिदानी होंगे, उनके पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव ले जाया जाएगा और राजकीय सम्मान के साथ वहीं उनका दाह संस्कार होगा। देश के वीर जवानों और उनके परिवारजनों के बारे में यदि किसी ने सोचा तो वह अटल जी थे। उन्होंने कारगिल युद्ध में बलिदानी हुए सैनिकों के परिजनों को गैस एजेन्सी एवं पेट्रोल पम्प आवंटित किये ताकि उनके परिवारजन सम्मान के साथ अपना जीवन-यापन कर सके। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से गांवों को जोड़ने का काम भी अटल जी की दूरगामी सोच के कारण ही सम्भव हो सका।
भारतीय जनता पार्टी वाजपेयी के पद चिह्नों पर चलकर देश को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। देश के प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में लगातार हमारा देश हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति के शिखर पुरुष अटल जी का सम्पूर्ण जीवन राष्ट्र के प्रति समर्पित रहा है।अटल जी के देशहित में किए गए कार्यों के लिए राष्ट्र सदैव स्मरण रखेगा।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, ज्योति कोटिया, संध्या थापा, सुरेंद्र सिंह राणा, पूर्व मंडल अध्यक्ष पूनम नौटियाल, निरंजन डोभाल,वरिष्ठ भाजपा नेता आरएस परिहार सहित कई लोग उपस्थित थे।