मंदसौर: फर्जी केस बनाने पर कांग्रेस नेताओं ने देर रात्रि को किया नारकोटिक्स कार्यालय का घेराव

07HREG162 मंदसौर: फर्जी केस बनाने पर कांग्रेस नेताओं ने देर रात्रि को किया नारकोटिक्स कार्यालय का घेराव

सोमवार को सुबह भी किया धरना प्रदर्शन

मंदसौर 7 अगस्त (हि.स.)। रविवार-सोमवार की दरमियानी आधी रात को सैकड़ों किसान और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंदसौर नारकोटिक्स कार्यालय का घेराव किया । आधी रात में बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेसियों के पहुंचने की सूचना पर नारकोटिक्स कार्यालय के गेट पर पुलिस बल तैनात किया गया। रात करीब 11 बजे कांग्रेस कार्यकर्ता नारकोटिक्स कार्यालय के गेट पर पहुंचे, लेकिन अधिकारियों ने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने गेट के सामने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। धरना प्रदर्शन में कांग्रेस नेता श्यामलाल जोकचंद, सोमिल नाहटा, परशुराम सिसोदिया, किसान नेता अमृतराम पाटीदार सहित सैकड़ों किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस नेता सोमिल नाहटा ने बताया की बलागुढ़ा निवासी बाबूलाल पिता भंवरलाल पाटीदार के घर नारकोटिक्स विभाग के अधिकारी पहुंचे और उसे तस्करी के आरोप में उठा कर ले आए हैं। अब किसान पर झूठा केस बनाने का षड़यंत्र रचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसान लाइसेंसधारी है और उसके पास लांसिंग पद्धति का पट्टा है। आरोप लगाते हुए नाहटा ने कहा कि नारकोटिक्स विभाग किसानों को झूठे केस में फंसाने की रंगदारी कर रहा है।

रात 11 बजे शुरू हुआ धरना रात 2 बजे समाप्त हुआ। इस दौरान नारकोटिक्स के किसी अधिकारी ने कोई संतुष्टि पूर्वक जवाब नहीं दिया। रात अधिक हो जाने के चलते धरना समाप्त किया गया। सोमवार की सुबह पुनः सभी कांग्रेस नेता एकत्रित हुए और 11 बजे सैकडों कांग्रेस नेताओं ने नारकोटिक्स कार्यालय का घेराव किया। कार्यकर्ताओं ने निर्दोष किसान को छोड़े जाने की मांग की। किसान नेताओं के प्रतिनिधि मंडल से जिला अफीम अधिकारी ने चर्चा की और विश्वास दिलाया कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी उसके बाद धरना समाप्त किया गया। इस अवसर पर बडी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।