21HREG375 शिक्षा मंत्री ने एलपीजी सुरक्षा जागरूकता अभियान का किया शुभारंभ
देहरादून, 21 जुलाई (हि.स.)। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शुक्रवार को जागरूक बच्चे, सुरक्षित परिवार के नारे के साथ शिक्षा विभाग के सहयोग से भारत पेट्रोलियम एलपीजी सुरक्षा जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया। शुक्रवार शाम सुद्धोवाला स्थित एक होटल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
शिक्षा मंत्री रावत ने कहा कि एलपीजी सुरक्षा जागरूकता अभियान एलपीजी से जुड़े खतरों के बारे में आम जनता को जागरूक करेगा।
स्टेट हेड पीयूष गुप्ता ने कहा कि हमें यकीन है कि उत्तराखंड राज्य में एलपीजी सुरक्षा जागरूकता अभियान-जागरूक बच्चे सुरक्षित परिवार पर स्कूल शिक्षा विभाग और बीपीसीएल के बीच यह सहयोग लंबे समय तक चलेगा और देश के अन्य राज्यों के लिए पथ प्रदर्शक बनेगा।
इस दौरान हेड एलपीजी नॉर्थ रंजन नायर ने कहा कि एलपीजी अत्यधिक ज्वलनशील पेट्रोलियम उत्पाद है। उत्पाद से जुड़े खतरे का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हर साल कई दुर्घटनाएं होती हैं, जिनमें जान-माल का नुकसान होता है। हमारा प्रयास उपयोग के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करके सभी को खाना पकाने की सुविधा प्रदान करना है। बच्चे देश का भविष्य हैं और उनमें अपने माता-पिता को प्रभावित करने की क्षमता होती है। यही वजह है कि इस कार्यक्रम को बच्चों के लिए विशेष तौर लांच किया गया है।
एलपीजी रुड़की के टेरीटर मैनेजर सुरेंद्र डोगरा ने कहा कि इस मुहिम का उद्देश्य एलपीजी से जुड़े खतरों से लोगों को बचाना है। इसी उद्देश्य से छात्रों को इस ओर शिक्षा देकर जागरूक किया जाएगा।
इस मौके पर इस मौके पर मैनेजर सेल्स गढ़वाल रीजन शशिकांत भगत ने बताया कि इसको लेकर क्विज भी आयोजित की जा रही है। जिनके सवालों के जवाब ऑनलाइन देने होंगे। विनर्स को यहां आकर्षक उपहार भी दिए जाएंगे।