20HREG325 गुप्तकाशी: खोनू गांव भी खतरे की जद में
गुप्तकाशी, 20 जुलाई (हि.स.)। गुप्तकाशी में भारी बारिश के चलते अब कालीमठ घाटी के अंतर्गत खोनू गांव पर भी भूस्खलन का खतरा मंडराने लगा है। गांव के नीचे लगातार भूस्खलन होने के कारण कभी भी इस स्थान पर बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
सामाजिक कार्यकर्ता सत्यानंद भट्ट ने बताया कि इस स्थान पर रुच्छ महादेव के निकट काली गंगा द्वितीय जल विद्युत परियोजना संचालित है। ऐसे स्थान पर पावर हाउस भी निर्मित किया गया है। निर्माणकार्य के दौरान क्षेत्र के संवेदनशील होने के चलते स्थानीय लोगों ने पावर हाउस निर्माण का पुरजोर विरोध किया था, लेकिन प्रशासन की मध्यस्थता के बाद जल विद्युत निर्माण की कार्यदायी संस्था द्वारा प्रभावित गांवों के सभी ग्रामीणों का बीमा तथा फोटोग्राफी सुनिश्चित करने का वायदा किया गया था, लेकिन अभी तक इस दिशा में कार्यदायी संस्था कोई भी कार्य नहीं कर पाई है। साथ ही संस्था द्वारा नदी के तट पर सुरक्षा दीवारों को निर्मित किए जाने की भी बात की गई थी, लेकिन पावर हाउस बनने के बाद अब कार्यदायी संस्था के नुमाइंदे अपने वायदों से मुकर गए हैं।
भट्ट ने बताया कि कालीमठ क्षेत्र संवेदनशील जोन 5 के अंतर्गत आता है। ऐसे में रुच्छ महादेव के निकट बहने वाली नदी से लगातार भू-कटाव हो रहा है। रही सही कसर इस स्थान पर निर्मित पावर हाउस ने पूरी कर दी है। पावर हाउस निर्माण के बाद इस संवेदनशील क्षेत्र में लगातार भू-धंसाव हो रहा है। क्षेत्रीय जनता ने नदी तट पर सुरक्षा दीवारों के निर्माण ना किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।