शिवराज कैबिनेट ने प्रदेश में सड़क और फ्लाई-ओवर निर्माण के लिए दी 1881 करोड़ की स्वीकृति

18HREG303 शिवराज कैबिनेट ने प्रदेश में सड़क और फ्लाई-ओवर निर्माण के लिए दी 1881 करोड़ की स्वीकृति

भोपाल, 18 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद की बैठक मंगलवार को मंत्रालय में हुई। मंत्रि-परिषद ने प्रदेश में फोरलेन मार्ग और फ्लाई-ओवर निर्माण के क्षेत्रों में मंजूरी दी। केंद्रीय सड़क अधो-संरचना निधि अंतर्गत सीहोर जिले में मालीवाया से सलकनपुर-नीलकछार तक फोरलेन मार्ग का निर्माण 147 करोड़ 92 लाख रुपये तथा राज्य योजना मद आयोजन अंतर्गत खण्डवा जिले में इंदौर इच्छापुर मार्ग से ओंकारेश्वर नये बस स्टैण्ड तक 4 लेन सड़क निर्माण कार्य के लिए लागत 193 करोड़ 22 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी किये जाने का अनुमोदन किया गया।

केन्द्रीय सड़क अधो-सरंचना निधि आयोजन अंतर्गत सतना जिले में नागोद से मैहर व्हाया सुरदहा परसमनिया-रामपुर-मैहर मार्ग का निर्माण लागत राशि 178 करोड़ 22 लाख, सागर जिले में शाहपुर-रंगोली-गिरवर-भैंसवाही-हिनगन-ढाना-भोकलपुर चौराहा (एन.एच.-44) तक मार्ग का निर्माण लागत राशि 129 करोड़ 81 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी किये जाने का अनुमोदन किया गया।

केन्द्रीय सड़क अधो-सरंचना निधि अंतर्गत भोपाल शहर में भोपाल- इंदौर मार्ग पर संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) में सीवेज पंप हाउस लाऊखेड़ी से नगर निगम विसर्जन घाट तक फ्लाई-ओव्हर के निर्माण की लागत राशि रुपये 306 करोड़ 40 लाख एवं ग्वालियर शहर के अंतर्गत महारानी लक्ष्मीबाई प्रतिमा से गिरवाई पुलिस चौकी ए.बी रोड (एन. एच. 46) तक स्वर्णरेखा नदी पर फोरलेन ऐलीवेटेड कॉरीडोर/फ्लाय-ओव्हर के निर्माण की लागत राशि 926 करोड़ 21 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी किये जाने का अनुमोदन किया गया।

संपत्ति का निर्वर्तन

मंत्रि-परिषद् द्वारा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता-संरक्षण विभाग की वार्ड क्र. 18, देवगाँव, पिपरिया जिला नर्मदापुरम, म.प्र. स्थित भूमि परिसम्पत्ति, जिसका खसरा क्रमांक 21/4 कुल क्षेत्रफल 2140 वर्गमीटर के निर्वर्तन के लिए आमंत्रित तृतीय निविदा के H-1 निविदाकार उच्चतम निविदा राशि चार करोड़ इक्यासी लाख पचास हजार रुपये, जो कि रिजर्व मूल्य राशि दो करोड़ 14 लाख रुपये का 2.25 गुना है, का अनुमोदन करते हुए उसे विक्रय करने एवं H-1 निविदाकार द्वारा निविदा राशि का 100% जमा करने के बाद अनुबंध/रजिस्ट्री की कार्यवाही जिला कलेक्टर द्वारा की जाए, इसका निर्णय लिया गया।

राजस्व विभाग की वार्ड क्र. 21, सेमरिया रोड, सतना स्थित सतना बस डिपो परिसम्पत्ति प्लॉट क्रमांक एक क्षेत्रफल 2142.51 वर्गमीटर के निर्वर्तन के लिए आमंत्रित निविदा के H-1 निविदाकार उच्चतम निविदा राशि सोलह करोड़ निन्यानवे लाख निन्यानवे हजार नौ सौ निन्यानवे रुपये, जो कि रिजर्व मूल्य राशि 15 करोड़ 21 लाख रुपये का 1.12 गुना है, की संस्तुति करते हुए उसे विक्रय करने एवं H-1 निविदाकार द्वारा निविदा राशि का 100% जमा करने के बाद अनुबंध/रजिस्ट्री की कार्यवाही जिला कलेक्टर द्वारा की जाए, का निर्णय लिया गया।

अन्य निर्णय

विभिन्न विभागों में संविदा पर नियुक्त अधिकारियों/कर्मचारियों के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किये जाने का अनुमोदन किया गया।