17HREG215 भारी बरसात से सोनप्रयाग त्रियुगीनारायण मोटर मार्ग कई जगह ध्वस्त
गुप्तकाशी ,17 जुलाई (हि.स.)। क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बरसात के कारण जगह-जगह पैदल मार्ग बंद हो चुके हैं। रविवार रात भर हुई बरसात के कारण सोनप्रयाग त्रियुगीनारायण मोटर मार्ग कई जगह ध्वस्त होने से वाहनों की आवाजाही बंद हो चुकी है।
सामाजिक कार्यकर्ता महेंद्र सेमवाल ने बताया कि गत दिनों से लगातार हो रही बरसात के कारण शिव पार्वती विवाह स्थल त्रियुगीनारायण से आधा किलोमीटर पहले गदेरे पर बना कौज पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हो चुका है। साथ ही सोनप्रयाग से 5 किमी आगे मोटर मार्ग पूर्ण रूप से ध्वस्त हो चुका है। इस कारण अब पैदल आवाजाही करने के लिए भी मार्ग सुरक्षित नहीं है। उन्होंने बताया कि इस बाबत लोनिवि उखीमठ को अवगत कराया जा चुका है ,लेकिन समाचार लिखे जाने तक उक्त स्थानों पर कोई भी विभागीय अभियंता नहीं पहुंच पाया है।
दरअसल शिव पार्वती विवाह स्थल में त्रियुगी में प्रतिदिन सैकड़ों की तादाद में तीर्थयात्री और भक्त आकर दर्शन प्राप्त करते हैं। आज सावन मास का दूसरा सोमवार था ,ऐसे में क्षेत्र के कई लोग महा अभिषेक करने के लिए शिवधाम त्रियुगीनारायण पहुंचते हैं ,लेकिन मोटर मार्ग जगह-जगह ध्वस्त होने के कारण कोई भी भक्त और तीर्थयात्री इस स्थल पर नहीं पहुंच पाया है। इसके साथ ही त्रियुगीनारायण मैं रहने वाले लोग भयंकर बरसात के कारण खौफ के साए में जी रहे हैं।