ताजियादारों के अखाड़ों में प्रतिबन्धित हथियारों के प्रदर्शन पर प्रशासन सख्त, होगी कार्रवाई

16HREG376 ताजियादारों के अखाड़ों में प्रतिबन्धित हथियारों के प्रदर्शन पर प्रशासन सख्त, होगी कार्रवाई

ताजिया, अखाड़ा व जुलूस संचालक अनुमति पत्र व नियम शर्तो के साथ ही निकालेंगे जुलूस

घनी बस्तियों एवं जुलूस के दौरान ड्रोन के माध्यम से की जाएगी निगरानी

झांसी,16 जुलाई(हि.स.)। जनपद में बंधुत्व, एकता, सौहार्द बनाये रखने के लिए जिलाधिकारी रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में विभिन्न धार्मिक गुरुओं, समाजिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ विकास भवन सभागार में रविवार को बैठक हुई।

इस बैठक में मोहर्रम एवं श्रावण मास के द्वितीय सोमवार को शान्तिपूर्ण व निर्विघ्न, सकुशल सम्पन्न कराने के दृष्टिगत संवाद स्थापित किया। ताजियादारों के अखाड़ों में प्रतिबन्धित हथियारों के प्रदर्शन पर प्रशासन सख्त नजर आया। साथ ही हिदायत दी गई कि ताजिया, अखाड़ा व जुलूस संचालक अनुमति पत्र व नियम शर्तों के साथ ही जुलूस निकालें। घनी बस्तियों एवं जुलूस के दौरान ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखने की व्यवस्था की जायेगी।

जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि एक बार पुनः ताजियादारों,आखड़ेदारों व जुलूस संचालकों से हाई लेवल संवाद स्थापित करते हुए सभी बिन्दुओं पर गहन निरीक्षण कर लें। बिना अनुमति पत्र के कोई भी जुलूस नहीं निकलेगा। जुलूस संचालक इस बात से आश्वस्त हो लें कि वे पुलिस प्रशासन से अनुमति पत्र लेने के बाद नियम शर्तो पर जुलूस निकालेंगे। ताजियादारों के आखड़ों में कोई भी प्रतिबन्धित हथियार तलवार,चाकू, भाला आदि पर सख्त रोक है।

उन्होंने अपर जिलाधिकारी व अपर पुलिस अधीक्षक तथा उप जिलाधिकारी व क्षेत्राधिकारी पुलिस को निर्देश दिए कि संयुक्त रूप से एक साथ एक ही गाड़ी में बैठकर भ्रमण करते रहें। जिलाधिकारी ने तहसीलवार उप जिलाधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक से विगत वर्ष की घटनाओं व स्थितियों के अवलोकन के साथ-साथ अब तक की गयी तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी नहीं परम्परा की नई शुरूवात नहीं होगी।

उन्होंने बिजली विभाग को निर्देशित किया कि जुलूस के मार्ग में किसी भी तरह के विद्युत तार लटके हुए ना हो,उन्हें जुलूस निकलने से पूर्व दुरुस्त कर लिया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि एक अधिकारी पुलिस कन्ट्रोल रूम में शिफ्टवार रहेगा। उन्होंने पुलिस उपाधीक्षक व थानाध्यक्ष को निर्देशित किया कि सभी घनी आबादियों व मिश्रित आबादियों में ड्रोन से सर्वे कराकर स्थितियों से भॉली-भॉति अवगत हो लें। इसी क्रम में जनपद के सभी संवेदनशील स्थलों एवं मिश्रित बस्तियों में लगातार मॉनिटरिंग करते हुए अनवरत संवाद करते रहे। उन्होंने इस दौरान महिला आरक्षियों की भी ड्यूटी लगाए जाने के लिए निर्देश दिए।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश एस, अपर जिलाधिकारी प्रशासन ए के सिंह, उप जिलाधिकारी सदर श्रीमती निधि बंसल, एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट वरुण कुमार पाण्डेय, विकास अवस्थी, मंडला आचार्य पंडित लल्लन महाराज, मुफ्ती मोहम्मद आरिफ नदवी, हाफिज रियाज अहमद सहित नगर के विभिन्न थानों के थानाध्यक्ष क्षेत्राधिकारी पुलिस तथा विद्युत पेयजल विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।