11HNAT41 उत्तराखंड : बारिश के कारण ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग सिरोबगड़ में अवरुद्ध, यात्री फंसे
-उत्तरकाशी-घनसाली-केदारनाथ राज्यमार्ग पर भी तिलवाड़ा के निकट आया भारी मलबा, एक फंसा एक वाहन
रुद्रप्रयाग, 11 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड के पहाड़ों में आफत की बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है। इसके कारण जगह-जगह बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के अलावा राज्यमार्ग बंद होने से यात्री फंस गये हैं।
ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग सुबह से ही रुद्रप्रयाग और श्रीनगर के बीच सिरोबगड़ में बंद चल रहा है। यहां पर पहाड़ी से लगातार मलबा गिर रहा है। दूसरी ओर उत्तरकाशी-घनसाली-केदारनाथ राज्यमार्ग भी तिलवाड़ा के निकट भूस्खलन के कारण बंद हो गया है। यहां भी गंगोत्री से आने वाले तीर्थ यात्रियों के स्थानीय लोग फंसे हुए हैं। रुद्रप्रयाग में दस से अधिक लिंक मोटरमार्ग भी बरसात के कारण बंद पड़ गये हैं।
प्रदेश लगातार हो रही यह बारिश 16-17 जून 2013 की आपदा की यादें ताजा कर रही है। केदारनाथ की विनाशकारी आपदा के समय भी बारिश की यही स्थिति थी और दो दिनों तक लगातार बारिश होने के बाद चारों ओर त्राहि-त्राहि मच गई थी। पहाड़ों में बादल आफत बनकर बरस रहे हैं। इसके कारण स्थिति खतरनाक होती जा रही है। जगह-जगह हाईवे पर पहाड़ी दरक रही है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग मार्गों को खोलने के साथ इनके लिए खाना आदि का इंतजाम करने में जुटा हुआ है।
बद्रीनाथ और केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के अलावा राज्यमार्ग और ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग बंद हो गये हैं। रुद्रप्रयाग में सोमवार तक स्थिति सही थी, लेकिन देर रात से हुई बारिश के बाद हालात बदतर हो गये हैं। रुद्रप्रयाग में बद्रीनाथ और केदारनाथ हाइवे पर जगह-जगह भूस्खलन का दौर जारी है। ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिरोबगड़ में लगातार पहाड़ी से मलबा गिर रहा है। यहां पर रुक-रुक कर वाहनों की आवाजाही करवाई जा रही है। यहां घंटों तक चारधाम यात्री भी फंस रहे हैं।
दूसरी ओर उत्तरकाशी-घनसाली-केदारनाथ राज्यमार्ग भी तिलवाड़ा के निकट पहाड़ी से हुए भूस्खलन के कारण बंद हो गया है। यहां भी भारी संख्या में गंगोत्री से आने वाले यात्रियों के अलावा स्थानीय लोग फंसे हुए हैं। यहां पर पहाड़ी से आये मलबे की चपेट में एक वाहन भी आ गया। वाहन में सवार लोगों ने किसी तरह से भागकर जान बचाई। हालांकि राज्यमार्ग को खोलने के प्रयास किये जा रहे हैं, लेकिन लगातार हो रही बारिश दिक्कतें पैदा कर रही है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नन्दन सिंह रजवार ने राजमार्ग पर फंसे लोगों के लिए खाने व पीने की व्यवस्था की। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही बारिश के कारण सिरोबगड़ में पहाड़ी से मलबा आ रहा है, जिसे साफ करना भी मुश्किल हो रहा है। ऐसे हालात में भी एनएच विभाग की मशीनें कार्य में जुटी हुई हैं।