कांग्रेस का उपवास राहुल का गुणगान या यूसीसी का विरोध : महेन्द्र भट्ट

11HREG465 कांग्रेस का उपवास राहुल का गुणगान या यूसीसी का विरोध : महेन्द्र भट्ट

देहरादून, 11 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस के प्रस्तावित गांधी स्मारक पर मौन सत्याग्रह पर निशाना साधा है। भाजपा का कहना है कि कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि वह अपने पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का गुणगान के लिए मौन सत्याग्रह कर रही है या यूसीसी का विरोध कर रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस दुविधा की स्थिति में है और विकास कार्यों के जरिये खुद को साबित कर रही भाजपा की उपलब्धियां पच नहीं रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भाजपा के निशाने पर नही,बल्कि जनता ने उन्हें माफ नहीं किया है।

उन्होंने कहा कि विदेशों में भारत की छवि को धक्का पहुंचाने की उनकी नाकाम कोशिश को पूरे देश और दुनिया ने देखा। देश में लोकतंत्र को लेकर जब लोगों ने तवज्जो नही दी तो वह विदेश यात्रा पर निकल गए। कांग्रेस कभी सर्जिकल स्ट्राइक के जरिये सैनिकों के मनोबल पर प्रहार करती रही तो कभी संविधान को लेकर अनाप शनाप कथन अथवा हर उस कार्य की अगुवाई करती रही है जो देश के खिलाफ हो।

एनआरसी बिल को लेकर भी कांग्रेस खलनायक की भूमिका में रही है और अब समान नागरिक कानून को लेकर वह विरोध का वातावरण बना रही है। भाजपा मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए यूसीसी को लेकर नहीं लाई, बल्कि यह भाजपा के चुनाव घोषणा पत्र का हिस्सा भी है। वैश्विक महंगाई और कोरोना की चुनौतियों के बावजूद देश की अर्थ व्यवस्था पर असर न पड़ना और 80 करोड़ जनता को मुफ्त राशन देना बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि आज देश में तरक्की और रोजगार के अवसर खुल रहे हैं तो विदेशों में भारत की साख पहले की तुलना में बढ़ी है। कांग्रेस को अपने नेता के गुणगान के बजाय बेहतर कार्यो को प्रोत्साहन और अपनी नाकामयाबियों से बचने के लिए दूसरों पर दोष मढ़ने से बचना चाहिए। खुद को पीड़ित दिखाना आज कांग्रेस में एक दौर शुरू हो गया है।